img

Up kiran,Digital Desk : एंटरटेनमेंट डेस्क। बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन इन दिनों अपनी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ को लेकर लगातार चर्चा में हैं। इसी बीच क्रिकेट मैदान से जुड़ा एक दिलचस्प वाकया सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है। दरअसल, पूर्व क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने लाइव कमेंट्री के दौरान वरुण धवन का जिक्र किया, जिसके बाद अभिनेता ने वीडियो क्लिप साझा करते हुए ऐसी मांग कर दी कि फैंस भी मुस्कुरा उठे।

इंस्टाग्राम स्टोरी से बढ़ी हलचल
वरुण धवन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो क्लिप शेयर की, जो हाल ही में खेले गए भारत और नामीबिया के टी20 मुकाबले की है। मैच के दौरान कमेंट्री करते हुए नवजोत सिंह सिद्धू ने मजाकिया अंदाज में कहा कि ‘वरुण धवन बॉर्डर पर और वरुण चक्रवर्ती कप्तान के इशारे पर हमेशा तैनात रहते हैं।’ सिद्धू की इस चुटीली टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर तुरंत लोगों का ध्यान खींच लिया।

सिद्धू की लाइन पर वरुण का दिलचस्प जवाब
सिद्धू की यह बात वरुण धवन को इतनी पसंद आई कि उन्होंने कमेंट्री की क्लिप शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘पाजी, आप मेरी अगली फिल्म का डायलॉग लिखना।’ अभिनेता का यह अंदाज फैंस को खूब भाया और देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

मैच में चमके वरुण चक्रवर्ती
12 फरवरी को खेले गए इस मुकाबले में भारत ने नामीबिया को 93 रनों से हराया। स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो ओवर में सात रन देकर तीन विकेट झटके। सिद्धू की कमेंट्री में उनके प्रदर्शन का जिक्र भी खास अंदाज में किया गया, जिसने माहौल को और रोचक बना दिया।

‘बॉर्डर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा जारी
वर्कफ्रंट की बात करें तो ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में वरुण धवन के साथ सनी देओल, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। देशभक्ति से सराबोर इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। खबर लिखे जाने तक फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 320.45 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है और इसकी कमाई का सिलसिला अब भी जारी है।

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्रिकेट और बॉलीवुड का रिश्ता कितना दिलचस्प है। मैदान की कमेंट्री जब फिल्मों तक पहुंच जाए, तो चर्चा होना तय है।