img

Up kiran,Digital Desk : अपनी बेबाक बयानबाजी के लिए मशहूर 'द कश्मीर फाइल्स' के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि फिल्म 'धुरंधर 2' को लेकर किया गया एक लंबा-चौड़ा सोशल मीडिया पोस्ट है। विवेक ने आदित्य धर की इस फिल्म की जमकर सराहना की है, लेकिन नेटिजन्स को उनकी यह तारीफ रास नहीं आई और उन्हें 'डबल ढोलकी' कहकर ट्रोल किया जा रहा है।

फिल्म देखने कैलिफोर्निया से लॉस एंजिल्स पहुंचे विवेक

विवेक अग्निहोत्री ने बताया कि वह कैलिफोर्निया के ग्रामीण इलाके में थे, लेकिन 'धुरंधर 2' देखने की उत्सुकता उन्हें लॉस एंजिल्स खींच लाई। उन्होंने आदित्य धर की तारीफ करते हुए लिखा कि फिल्म देखने के बाद उनके पास शब्द कम पड़ गए हैं। विवेक के मुताबिक, फिल्म अपने आप में एक मिसाल है और वह जल्द ही आदित्य से फोन पर बात करेंगे।

पर्दे के पीछे के असली हीरो का किया जिक्र

विवेक ने पूरी टीम की तारीफ करने के साथ-साथ दो खास नाम लिए, जिन्हें अक्सर लाइमलाइट नहीं मिलती। उन्होंने विकास नौलखा की वर्ल्ड-क्लास सिनेमैटोग्राफी और संजय जोहरी के प्रोडक्शन डिजाइन को फिल्म की जान बताया। विवेक ने कहा कि इन दोनों के तालमेल के बिना कोई भी फिल्म 'मास्टरपीस' नहीं बन सकती।

आदित्य धर को दी 'जालिम' इंडस्ट्री से बचने की सलाह

तारीफों के बीच विवेक ने आदित्य धर को एक 'बिन मांगी सलाह' भी दे डाली। उन्होंने आदित्य को आगाह करते हुए लिखा कि यह फिल्म इंडस्ट्री (इकोसिस्टम) जितनी बाहर से लुभावनी दिखती है, अंदर से उतनी ही बेरहम और जालिम हो सकती है। उन्होंने टीम धुरंधर को 'झंडे गाड़ने' के लिए बधाई दी।

आखिर क्यों ट्रोल हो रहे हैं विवेक अग्निहोत्री?

विवेक के इस पोस्ट पर यूजर्स ने उन्हें बुरी तरह घेर लिया है। ट्रोलिंग की मुख्य वजह एक पुराना 'लाइक' है। दरअसल, लोगों का दावा है कि विवेक ने हाल ही में ध्रुव राठी का वह वीडियो लाइक किया था, जिसमें 'धुरंधर 2' को प्रोपेगेंडा बताया गया था। अब फिल्म की तारीफ करने पर यूजर्स उन्हें 'डबल ढोलकी' और 'दोगला' बता रहे हैं। कुछ का कहना है कि अपनी नई फिल्म 'ऑपरेशन सिंदूर' को अटेंशन दिलाने के लिए वह यह सब कर रहे हैं।