img

पड़ोसी देश पाकिस्तान अपने प्रेमी नसरूल्ला से मिलने गई अंजू ने धर्म परिवर्तन करते हुए इस्लाम कबूल लिया है। साथ ही नसरुल्ला से निकाह भी कर लिया। हालांकि आधिकारिक रूप से अंजू नसरुल्ला ने इससे इनकार किया है, मगर स्थानीय मीडिया में इसकी पुष्टि हो गई है। इस्लाम धर्म अपनाने और निकाह करने के बाद अंजू के सामने गिफ्ट्स की झड़ी लग गई है।

पाकिस्तान के बिजनेसमैन ने उसके नाम प्लॉट करने का ऐलान किया है। साथ ही उसे चेक भी दिए हैं। बिजनेस मैन और पाक स्टार ग्रुप ऑफ कंपनीज के सीईओ मोहसिन खान अब्बासी ने अंजू को 10 मरला का प्लॉट, 50,000 का चेक और कई गिफ्ट दिए हैं। उन्होंने इसकी वजह भी पत्रकारों को बताई है।

एक पाकिस्तानी पत्रकार द्वारा शेयर किए गए वीडियो में अब्बासी कहते हैं कि नसरुल्ला ने हाल ही में अंजू और फातिमा से शादी की है। अंजू ने इस्लाम धर्म अपना लिया है। इस्लाम में उसका स्वागत है। अब उसका ससुराल पाकिस्तान में है। जब कोई दूसरे देश में जाता है तो सबसे बड़ी दिक्कत उसके घर की होती है। हमारा एक पार्क सिटी प्रोजेक्ट है। हमने उसमें बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की अप्रूवल लेकर अंजू को प्लॉट देने का फैसला लिया है। अंजू के बारे में सारा डेटा गूगल से लिया गया है। बाकी छोटे मोटे तोहफे हैं, जिसमें एक चेक भी है। हमने यह इसलिए किया ताकि उन्हें यह अहसास न हो कि इस्लाम कबूल करने के बाद कोई मुश्किल आ रही है। अंजू पाकिस्तान को अपना घर समझें, यही एक छोटी सी कोशिश हमारी तरफ से की गई है।

सोशल मीडिया पर लोग कहने लगे हैं कि पाकिस्तान में मिल रहे तोहफों और खातिरदारी से लगता है कि अब अंजू शायद ही भारत लौटे। राजस्थान से पाकिस्तान गई अंजू ने कहा था कि उसे इंडिया आने लायक नहीं छोड़ा गया है। अब उसे भारत में कोई स्वीकार नहीं करेगा तो वह कहां जाएंगी। अंजू ने दावा किया कि वह पाकिस्तान में सुरक्षित है। किसी का कोई दबाव नहीं है और वह पूरी आजादी से यहां रह रही है। 

--Advertisement--