बिहार के बेगूसराय में बेखौफ गुंडों ने बुधवार की रात ताबड़तोड़ वारदात को अंजाम दिया है। देर रात बरौनी रेलवे कॉलोनी में एक रेलवे कर्मचारी गोली मारकर हत्या कर दी। लोहियानगर ओपी क्षेत्र में कबाड़ व्यवसायी को गोली मारकर घायल कर दिया। जबकि, गुरुवार की सुबह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भर्रा में एक युवक का शव बरामद किया गया है।
पहली घटना बरौनी रेलवे कॉलोनी की है, यहां बदमाशों ने देर रात घर में घुसकर रेल विद्युत विभाग में कार्यरत टेक्निशियन सतीश चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक पटना जिला के मोकामा थाना क्षेत्र स्थित मोकामा पचमहला का रहने वाला है। इस हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई तथा रेल कर्मियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना बरौनी जंक्शन से सटे बरौनी रेलवे कॉलोनी चिल्ड्रेन पार्क के समीप की है।
दूसरी घटना लोहिया नगर ओपी क्षेत्र के लोहिया नगर दुर्गा मंदिर के समीप की है। यहां बदमाशों ने कचरा व्यवसायी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने राजीव को घर से बाहर बुलाया और गोली मार दी। गोली मारने के बाद उसे मरा हुआ समझकर बदमाश भाग निकले, आवाज सुन कर दौड़े आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तीसरी घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भर्रा गांव की है। यहां से गुरुवार की सुबह पुलिस ने कबीर मठ के समीप सड़क किनारे से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया है। समाचार प्रेषण तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। किंतु चर्चा है कि प्रेम प्रसंग में पीट-पीटकर हत्या किए जाने के बाद शव फेंका गया है। फिलहाल तीनों वारदातों को लेकर पुलिस महकमा में गहमागहमी मची हुई है।