यहां से दर्दनाक घटना आई सामने, सड़क हादसे में महिला की मौत

img
लातेहार, 03 अक्टूबर यूपी किरण। जिले के  बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय स्थित एनएच-99 पर शुक्रवार की रात हुई सड़क दुर्घटना में पदमा देवी  (55 ) की मौत हो गई। मृतक महिला बालूमाथ की रहने वाली थी।
       
जानकारी के अनुसार महिला शुक्रवार की रात पैदल ही किसी काम से जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक स्विफ्ट डिजायर कार ने अनियंत्रित होकर महिला को टक्कर मार दी। कार के धक्के से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल स्थानीय लोगों ने बालूमाथ अस्पताल पहुंचाया। परंतु महिला की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही महिला की मौत हो गई।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय में एनएच-99 को जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक महिला के परिजनों को उचित मुआवजा तथा इस पथ पर वाहनों की गति पर अंकुश लगाने की मांग कर रहे थे। लगभग दो घंटे जाम रहने के बाद सब इंस्पेक्टर दीप नारायण सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी  घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझा कर सड़क जाम हटवाया। मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत सभी प्रकार की सुविधाएं देने के साथ-साथ वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने के आश्वासन के बाद लोगों ने रात  11:30 बजे सड़क जाम हटाया।

 

Related News