योगी सरकार में प्रशासन निरंकुश और पुलिस बेलगाम : माता प्रसाद पाण्डेय

img

प्रतापगढ़। योगी सरकार  में प्रशासन बिल्कुल निरंकुश हो चुका है। पुलिस बेलगाम है। संवैधानिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि विकास के नाम पर सिर्फ दिखावा किया जा रहा है। गैंगस्टर के नाम पर लोगों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

माता प्रसाद पाण्डेय शनिवार को नगर स्थित सपा नेता संजय पाण्डेय के आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं से मुखातिब थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी अनुपचारिक संवाद किया उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के चुनाव में लोगों ने देखा कि किस तरह से कानून-व्यवस्था का मजाक बनाया गया, जनता उसका बदला जरूर लेगी।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ब्राह्मण समाज का बुद्धिजीवी वर्ग है। वर्तमान सरकार में उसे सम्मान नहीं दिया जा रहा है। ब्राह्मण समाज को यह देखना होगा कि उसका सम्मान किस दल में हो रहा है। माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि प्रतापगढ़ समेत पुरे प्रदेश में ब्राह्मणों का उत्पीड़न हुआ है।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए सपा सरकार के कामों और परियोजनाओं की सराहना आज भी हो रही है। योगी सरकार में सिर्फ उद्घाटन और लूट खसोट हो रहा है। गौवंश सड़कों पर मरने को मजबूर हैं। रोजगार के अवसर खत्म किये जा रहे हैं।

माता प्रसाद पाण्डेय ने कहां कि संजय पाण्डेय सपा से विश्वनाथगंज विधानसभा उम्मीदवार की सूची में पहले स्थान पर हैं। इस मौके पर सपा नेता संजय पाण्डेय ने कहा कि माता प्रसाद पांडेय जैसे योग्यतम व्यक्ति के आशीर्वाद से वह अभिभूत हैं। कार्यक्रम में गणमान्य लोगों ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेटकर स्वागत किया।

Related News