img

IPL का 16वां सीजन शुरू होने में कुछ ही दिन बचे हैं। सभी टीमों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, खिलाड़ी अपने घरेलू मैदान पर जमकर अभ्यास कर रहे हैं। मगर इस बीच मुंबई इंडियंस के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। खबरें आ रही हैं कि मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा इस सीजन के शुरुआती मैच नहीं खेल पाएंगे।

मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, रोहित शर्मा वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से शुरुआती मैचों से बाहर हो जाएंगे। IPL फाइनल के बाद टीम इंडिया को एक हफ्ते बाद WTC का फाइनल खेलना है। वहीं, इसके बाद सभी क्रिकेटर अपने देश में विश्व कप की तैयारियों में जुट जाएंगे।

रोहित की गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव मुंबई इंडियंस की कमान संभालेंगे। सूर्यकुमार काफी वक्त से मुंबई इंडियंस टीम का हिस्सा हैं। वहीं, रोहित डगआउट में बैठकर मैच पर फोकस करेंगे। काम के अधिक बोझ के कारण रोहित पहले भी चोटिल हो चुके हैं। ऐसे में वह IPL में अपने शरीर पर ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहते हैं।

सूर्यकुमार यादव ने बीते एक साल में टी20 क्रिकेट में अपना दबदबा कायम रखा है। सूर्या इस फॉर्मेट में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज हैं। पिछले कई सालों से IPL में मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे सूर्या को इस साल IPL में देखना रोमांचक होगा।

 

--Advertisement--