नई दिल्ली॥ मध्यप्रदेश में विधानसभा की रिक्त 25 सीटों के लिए चल रही उपचुनाव की तैयारियों की बीच शुक्रवार को कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी की नेपानगर विधानसभा सीट से विधायक सुमित्रा कास्डेकर ने विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। बताया जा रहा है कि सुमित्रा देवी भी भाजपा में शामिल हो सकती हैं।
मध्यप्रदेश में इन दिनों उपचुनावों की तैयारियों में दो ही प्रमुख पार्टियां भाजपा और कांग्रेस जोर-शोर से तैयारियों में जुटी हुई हैं। इसी बीच नेपानगर से कांग्रेस की विधायक सुमित्रा देवी कास्डेकर ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने शुक्रवार को अपना त्याग पत्र विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा को सौंपा।
विधानसभा के उपचुनावों की तैयारियों के बीच कांग्रेस को एक सप्ताह के भीतर ही यह दूसरा झटका लगा है। इससे पहले बीते रविवार को छतरपुर जिले की बड़ा मलहरा सीट से कांग्रेस विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी ने भी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और भाजपा में शामिल हो गए थे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराने के बाद उन्हें नागरिक आपूर्ति निगम का अध्यक्ष नियुक्त कर कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी दे दिया था। बताया जा रहा है कि सुमित्रा देवी भी भाजपा में शामिल हो सकती हैं।
आपको बता दें कि मध्यप्रदेश में पिछले 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए सपा-बसपा और निर्दलीयों के समर्थन से कमलनाथ के नेतृत्व में सरकार बनाई थी, लेकिन इस साल फरवरी-मार्च के महीने में राजनीतिक उथल-पुथल हुई और पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ उनके समर्थक कांग्रेस के 22 विधायक विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए।
इससे कमलनाथ गिर गई और शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में चौथी बार भाजपा की सरकार बन गई। अब तक कांग्रेस के 24 विधायक विधानसभा से इस्तीफा दे चुके हैं और दो सीटें पहले से ही रिक्त हैं। इस प्रकार अब प्रदेश में विधानसभा की कुल 26 सीटें खाली हो गई हैं, जिन पर आने वाले दिनों में उपचुनाव होने हैं।