अरविंद केजरीवाल ने साधा निशाना, गुजरात कांग्रेस BJP की जेब में

img

अहमदाबाद॥ गुजरात में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होना है। चुनाव की तैयारियों में राजनीतिक दलों की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में दिल्ली के सीएम केजरीवाल एक दिवसीय प्रवास पर अहमदाबाद पहुंचे और यहां BJP और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और राज्य की 182 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया।

Arvind kejriwal

सोमवार को दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल अहमदाबाद पहुंचे। आप कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल का स्थानीय हवाईअड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया। इस मौके पर आश्रम रोड स्थित वल्लभ सदन हवेली मंदिर में केजरीवाल ने पत्रकारों से वार्ता की।

दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने BJP-कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि गुजरात की बदहाली के पीछे BJP-कांग्रेस का हाथ है। जब BJP को उनकी जरूरत थी, जब कांग्रेस ने माल की आपूर्ति की। दोनों पार्टियों के बीच 27 साल की दोस्ती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस BJP की जेब में है।

गुजरात में किसान आत्महत्या कर रहा है, सरकारी स्कूलों का है बुरा हाल है। कोरोना संकट में दोनों दलों ने मिलकर गुजरात के लोगों को अनाथ सा कर दिया। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में बिजली फ्री है तो गुजरात में बिजली महंगी क्यों है।

आप संस्थापक ने घोषणा की कि आम आदमी पार्टी गुजरात विधानसभा के 2022 के चुनाव में 182 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। गुजरात में बेरोजगार युवा, अच्छी शिक्षा का अभाव है और साथ-साथ सरकारी अस्पताल व स्कूल भी बदहाल है। गुजरात का मॉडल गुजरात में रहेगा। गुजरात के लोग अपना मॉडल खुद तैयार करेंगे।

आप संस्थापक ने देश की आजादी और उसके बाद के निर्माण में गुजरातियों के योगदान की सराहना की। हालांकि इस बार उन्होंने रणनीतिक रूप से केवल सरदार वल्लभभाई पटेल का ही नाम लिया।

उन्होंने महात्मा गांधी सहित किसी अन्य गुजराती नेता का नाम नहीं लिया। केजरीवाल ने कहा कि देश को आजादी दिलाने में सिर्फ गुजराती नेताओं का ही नहीं बल्कि गुजराती लोगों का भी अहम योगदान है। देश के स्वतंत्र होने के बाद, सरदार ने 500 से अधिक राज्यों को एकजुट करके सही मायने में देश को एकजुट किया। भारत आज सरदार के योगदान के बिना संभव नहीं होता।

आप संस्थापक ने नवरंगपुरा में पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया गया। कार्यालय में केजरीवाल के साथ गोपाल इटालिया और ईशुदान गढ़वी भी मौजूद थे। केजरीवाल से मिलने के लिए कार्यकर्ताओं की भीड़ उत्साहित दिखी। इस दौरान अफरा तफरी का माहौल बन गया। केजरीवाल के सुरक्षाकर्मियों और कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें भी हुईं। इस दौरान कोरोना नियमावली का पालन होता नहीं दिखा।

आप संस्थापक के स्वागत में शहर में बैनर भी फहराए गए। अहमदाबाद शहर के अध्यक्ष जेजे मेवाडा ने केजरीवाल का स्वागत किया। भीमाभाई चौधरी और अन्य कार्यकर्ता हवाई अड्डे पर मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एक पुलिस अधिकारी सहित लगभग 40 कर्मियों को तैनात किया गया था।अरविंद केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आश्रम रोड स्थित वल्लभ सदन हवेली मंदिर में भी पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। इस मौके पर आज कई लोग आप में शामिल हुए हैं।

Related News