
Atal Setu Bridge: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (एमटीएचएल) का उद्घाटन करने के पाँच महीने बाद सर्विस रोड पर छोटी-छोटी दरारें नजर आने लगी हैं। ये पुल नवी मुंबई में अटल बिहारी वाजपेयी सेवरी-न्हावा सेवा अटल सेतु को शहर से जोड़ता है। इन दरारों की रिपोर्ट के बाद, महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने सड़क की जांच की और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए संभावित खतरे के बारे में चिंता जताई।
कांग्रेस नेता ने कहा कि कई दरारें यात्रियों के बीच भय पैदा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में हाल ही में एक नवनिर्मित पुल के ढहने की घटना अभी भी लोगों के दिमाग में ताजा है और उन्होंने सरकार के काम पर सवाल उठाया।
नाना पटोले ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "बड़ी संख्या में दरारें पड़ने से यात्रियों में खौफ का माहौल है। बिहार में नवनिर्मित पुल के ढहने की घटना अभी ताजा है, मगर मुंबई में भी ऐसी ही चौंकाने वाली घटना सामने आने से सरकार के काम पर कई सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि उन्होंने और उनके समर्थकों ने कांग्रेस पार्टी के आंदोलन के तहत सरकार की भ्रष्ट गतिविधियों को सामने लाने के लिए पुल का निरीक्षण किया।