img

अयोध्या। रविवार को योगी सरकार रामलला के दरबार में नतमस्तक हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश के मंत्री व विधायकों ने दर्शन किए। 10 विशेष बसों में आए विधायकों और मंत्रियों में उत्साह दिख रहा था। राम जन्मभूमि के गेट नंबर 11 से सभी विधायकों और मंत्रियों को प्रवेश दिया गया। इस दौरान सभी बेहद उत्साहित दिखे और भक्ति भाव में डूबे हुए नजर आए। अयोध्या पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने बसों पर फूल बरसाते हुए जयकारे लगाए। वहीँ सीएम योगी महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे और यहां से वह राम जन्मभूमि गए।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत विधानसभा के सामने से योगी कैबिनेट के मंत्री और विधायक लग्जरी बसों से अयोध्या के लिए रवाना हुए। बाराबंकी में सभी का स्वागत हुआ और यहां पर सभी ने नाश्ता किया और आगे के लिए रवाना हो गए। अहम बात यह थी कि बस में आरएलडी के साथ रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया और आराधना मिश्रा मोना आदि भी साथ में थे। दोनों डिप्टी सीएम और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना बस संख्या- 1 से अयोध्या गए।

बाराबंकी से मंत्री विधायकों के बसों का काफिला रामधुन के बीच रामनगरी की ओर रवाना हो गया। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बार बार श्रीराम का उद्घोष कर रहे थे। रामनगरी में गेट नंबर 11 से रामलला के दरबार में बसों को प्रवेश दिया गया। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सभी का अभिवादन किया। इसके बाद सभी ने रामलला के दर्शन किये।

रामलला के दर्शन करने के बाद विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भावुक हो गए। मीडिया से मुखातिब महाना ने कहा कि मैं यहां उस समय आया था जब यहां एक ढांचा खड़ा था। मैं उस समय भी आया था, जब यहां एक चबूतरा बना हुआ था और आज भव्य मंदिर में दर्शन किए। मैं भाव विह्वल हूं और प्रभु श्रीराम के चरणों में समर्पित हूं। इसी तरह सभी मंत्री और विधायक भाव विह्वल नजर आये। 
 

--Advertisement--