अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि पर फैसले से पहले यूपी की नब्ज टटोलने में जुटे CJI !

img

लखनऊ. अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि के लंबे विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में 40 दिन तक चली लंबी सुनवाई के बाद अब फैसले का इंतजार है। 17 नवंबर से पहले कभी भी सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने की उम्मीद जताई जा रही है। अयोध्या पर फैसला आने से पहले सुप्रीम कोर्ट भी यूपी की हर तैयारी को परखना चाह रही है। इसी क्रम में CJI खुद यूपी की नब्ज टटोलने में जुट गए हैं।

शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजन गोगोई आज उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी तथा DGP ओपी सिंह से अपने चेम्बर में मिलेंगे। मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी तथा DGP ओपी सिंह के साथ अन्य वरिष्ठ पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी भी नई दिल्ली में हैं।

जानकारी के मुताबिक, चीफ जस्टिस रंजन गोगोई आज अधिकारियों से भेंट करने के साथ ही अयोध्या के फैसले से पहले की तैयारियों पर चर्चा करेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि के विवाद के मामले में अपना फैसला सुरक्षित कर लिया है। इस फैसले के शीघ्र आने की संभावना के बीच में उत्तर प्रदेश सरकार अयोध्या के साथ ही प्रदेश के हर जिले में सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता करने में लगी है।

सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस रंजन गोगोई 17 नवंबर को रिटायर हो रहे हैं। इससे पहले ही फैसला आना है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि विवाद पर लगातार 40 दिन सुनवाई के बाद 16 अक्टूबर को फैसला सुरक्षित कर लिया गया है। अब सभी को इसके फैसले का इंतजार है। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रंजन गोगोई 17 नवंबर को रिटायर हो रहे हैं। उनके रिटायरमेंट से पहले ही फैसला आना है।

Related News