चीन को पछाड़ेगा अयोध्या, सिर्फ जमीन मिलने का इंतजार कर रहे ‘नोएडा के राम’

img

नई दिल्ली।। अयोध्या में जमीन का इंतजार नोएडा के राम को भी है। नोएडा सेक्टर-19 निवासी विख्यात शिल्पकार राम वी सुतार को सरयू नदी के किनारे भगवान राम की विश्व की सबसे ऊंची मूर्ति का निर्माण करना है। भगवान राम की कांसे से बनने वाली इस मूर्ति का डिजाइन पास हुए करीब 1 साल बीत चुका है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मूर्ति के निर्माण का ऐलान किया गया था, लेकिन अभी तक जमीन न मिलने से निर्माण शुरू नहीं हो सका है। भगवान राम की यह मूर्ति 251 मीटर ऊंची होगी। शिल्पकार राम वी सुतार और उनके बेटे अनिल सुतार का कहना है कि भगवान राम की इस मूर्ति का डिजाइन उन्होंने बनाया था जो करीब 1 साल पहले स्वीकृत हो चुका है और जब सरकार जमीन उपलब्ध करा देगी, तब वह इसके निर्माण का काम शुरू कर देंगे। मूर्ति बनने में करीब 3 साल लगेंगे।

पढ़िए-राफेल की शस्त्र पूजा पर सवाल गलत- राजनाथ

चीन स्थित गौतमबुद्ध की मूर्ति विश्व में सबसे ऊंची है। उसकी ऊंचाई 208 मीटर है। लेकिन अयोध्या में भगवान राम की मूर्ति 251 मीटर ऊंची होगी। इसका निर्माण होने के साथ ही अयोध्या चीन को पछाड़ देगा। यह विश्व की सबसे ऊंची मूर्ति होगी। न्यूयॉर्क में 93 मीटर ऊंचा स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी है। भगवान राम की मूर्ति का निर्माण सरयू नदी के किनारे 100 हेक्टेयर जमीन में किया जाना है। इसमें 20 मीटर ऊंचा चक्र होगा। मूर्ति 50 मीटर ऊंचे बेस पर खड़ी होगी। बेस के नीचे ही भव्य म्यूजियम बनाया जाएगा। जहां टेक्नोलॉजी के जरिये भगवान विष्णु के सभी अवतारों को दिखाया जाएगा। यहां डिजिटल म्यूजियम, फूड प्लाजा, लैंड स्केपिंग, लाइब्रेरी, रामायण काल की गैलरी आदि भी प्रस्तावित है।

सेक्टर-19 निवासी मूर्तिकार राम सुतार का सेक्टर-63 में स्टूडियो है। वह अभी तक 15 हजार से अधिक मूर्तियों को डिजाइन कर चुके हैं। उन्हें सरकार से पद्म भूषण भी मिल चुका है। इसके अलावा गुजरात स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी उनके द्वारा बनाया गया है। सरदार वल्लभ भाई पटेल की यह मूर्ति 182 मीटर ऊंची है। मुंबई में बन रही बाबा साहेब की 137.2 मीटर ऊंची और छत्रपति शिवाजी महाराज की 212 मीटर ऊंची प्रतिमा भी वह ही बनवा रहे हैं।

Related News