img

Baba Siddiqui Murder Case: अजित पवार गुट के नेता बाबा सिद्दीकी की मुंबई में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्या से सनसनी मच गई है। जब बाबा सिद्दीकी पर गोली चलाई गई तो एक व्यक्ति के पैर में भी गोली लगी। उनका इलाज बांद्रा के भाभा अस्पताल में चल रहा है। हत्या की रात आख़िर क्या हुआ था? आरोपी ने गोली कैसे मारी? इस बारे में अब इस शख्स ने अहम जानकारी दी है।

फायरिंग में घायल हुए शख्स का नाम राज कनौजिया है। अस्पताल में भर्ती 22 वर्षीय राज कनौजिया ने बताया कि वो दर्जी का काम करता है। घटना वाले दिन दशहरा होने के कारण वह शाम पांच बजे घर चला गया। इसके बाद वह दुर्गा माता के दर्शन करने पहुंचे। दर्शन करने के बाद वह जूस पीकर घर जा रहे थे तभी वारदात हुई। दशहरा होने के कारण पटाखे भी फोड़े गए। तभी राज को लगा कि उसके पैर में भी पटाखे से चोट लगी है।

राज ने दोबारा पैर की ओर देखा तो बहुत खून बह रहा था। वहां मौजूद लोग तुरंत राज को मंदिर के अंदर ले गए। बाद में पुलिस की मदद से राज को इलाज के लिए पास के भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसके पैर में गोली लगी मिली। उसी समय राज को बाबा सिद्दीकी पर फायरिंग की भी जानकारी मिली। फिलहाल राज के पैर की सर्जरी की गई है।

राज के मुताबिक, फरवरी में उनकी शादी है। ऐसे में इतनी जल्दी दोबारा अपने पैरों पर खड़ा होना मुश्किल लगता है। इसलिए उन्होंने सरकार से मदद मांगी है। बाबा सिद्दीकी की तीन शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मुंबई पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य की तलाश में महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में छापेमारी की जा रही है।

12 अक्टूबर को विजयादशमी के दिन लोग बांद्रा स्थित जीशान सिद्दीकी के ऑफिस के बाहर पटाखे फोड़ रहे थे। तभी रात करीब 9.20 बजे बाबा सिद्दीकी अपने बेटे के ऑफिस से बाहर निकले। पटाखों की आवाज के बीच बाबा सिद्दीकी पर गोलियां चलाई गईं। मुंह पर रुमाल बांधे तीन लोग अचानक आये और ताबड़तोड़ छह राउंड फायरिंग कर दी। इनमें से तीन गोलियां बाबा सिद्दीकी को लगीं।

गोली लगते ही बाबा सिद्दीकी जमीन पर गिर पड़े। उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

--Advertisement--