अहमदपुर टोल प्लाजा के 42 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव, मचा हड़कंप

img

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों के बीच बाराबंकी जनपद के अहमदपुर टोल प्लाजा में भी 42 कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव होने से टोल कर्मियों में हड़कंप मच गया है। राजधानी लखनऊ के साथ एक दर्जन से अधिक जनपदों और बिहार-नेपाल को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-28 पर स्थित अहमदपुर टोल प्लाजा से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में टोल प्लाजा पर हुए अचानक कोरोना विस्फोट ने टोल से निकलने वाले लोगों को सकते में डाल दिया है।toll plaza corona

वहीं कोरोना संक्रमितों के मिलने से जिला प्रशासन ने अब टोल को यात्रियों के लिए फ्री करवा दिया है। जिससे टोल प्लाजा प्रशासन को रोजाना लाखों रुपए का नुकसान भी हो रहा है। लगातार कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा होने से जिला प्रशासन ने टोल प्लाजा को सील कर गुजरने वाले वाहनों को 48 घंटों के लिए टोल फ्री कर दिया है और टोल प्लाजा परिसर के साथ मशीनों को सैनिटाइज कराया जा रहा है। कोरोना विस्फोट के चलते अहमदपुर टोल प्लाजा के पास के गांवों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

अहमदपुर टोल प्लाजा के कर्मचारी राकेश सिंह ने बताया कि अहमदपुर टोल प्लाजा पर काम करने वाले 42 कर्मचारी कोरोना से संक्रमित हुए हैं। जिन्हें प्रशासन द्वारा चंद्रा हॉस्पिटल में एडमिट किया गया है। टोल प्लाजा को 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। वाहनों से कोई भी टोल 48 घंटे तक नहीं वसूला जाएगा और पूरे टोल प्लाजा को सैनिटाइज किया जाएगा। जिसकी वजह से रोजाना टोल पर 35 से 40 लाख रुपये का नुकसान हो रहा है। अब इस नुकसान को लेकर उच्चाधिकारी आगे का निर्णय लेंगे।

Related News