Suvendu Adhikari का बड़ा खुलासा, कहा-BJP के साथ हुई है ये डील

img

कोलकाता। तृणमूल छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) लगातार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हमलावर हैं। रविवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के साथ उन्होंने झाड़ग्राम में एक रैली को संबोधित किया।

Suvendu Adhikari-Amit Shah
Suvendu Adhikari-Amit Shah
यहां भाजपा से उनकी डील को लेकर  तृणमूल कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए शुभेंदु ने कहा कि यह सच है कि मेरी भाजपा से डील हुई है लेकिन यह डील  विकास की है। अधिकारी ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष की ओर इशारा करते हुए कहा कि मेदिनीपुर के दिलीप और शुभेंदु मिलकर बंगाल में कमल खिलाएंगे। यह होकर रहेगा।

अभिषेक पर निशाना

सीएम के भतीजे अभिषेक बनर्जी का नाम लिए बगैर शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि “तोलाबाज भतीजा” कहने पर तृणमूल को बुरा लग रहा है लेकिन सच्चाई यही है। कोयला तस्कर लाला, गौ तस्कर इनामुल ये सब तृणमूल के लोग हैं। इन लोगों ने केवल गाय और कोयले की तस्करी नहीं की बल्कि बड़े पैमाने पर बालू का खनन किया है। स्वर्णरेखा नदी से लगातार बालू खनन करते हैं और बेचते हैं। इस सब का हिस्सा भतीजे तक पहुंचता है।

झाड़ग्राम की सभी सीटों पर हारेगी तृणमूल

इस दौरान शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि झाड़ग्राम की सभी चार विधानसभा सीटों पर तृणमूल कांग्रेस की हार होगी। लोगों का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि जंगलमहल में तृणमूल कांग्रेस की स्थापना के लिए मैंने क्या किया है, यह सबकुछ लोग जानते हैं। अब मेदिनीपुर के ही दिलीप और शुभेंदु मिलकर बंगाल में कमल खिलाएंगे।

दिल्ली और बंगाल में होगी एक पार्टी की सरकार

शुभेंदु ने कहा कि दिल्ली और बंगाल में एक ही पार्टी की सरकार रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा बंगाल में सरकार बनाएगी। ममता सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए अधिकारी ने कहा कि केंद्र की ओर से मिलने वाली धनराशि को तृणमूल कांग्रेस गबन कर गई है। इसका हिसाब देना होगा। केंद्रीय परियोजनाओं का नाम बदलकर ममता बनर्जी अपने नाम पर चालू कर रही हैं। केंद्र की महत्वकांक्षी किसान सम्मान निधि का लाभ बंगाल के किसानों को नहीं मिल रहा है। लोगों को इसका जवाब विधानसभा चुनाव  में ममता को देना होगा।
Up Police: 25 हजार रुपये का ईनामी बदमाश सर्वेश पुलिस मुठभेड़ में अवैध असलहा सहित किया गिरफ्तार
Related News