बड़ी खबर : मोदी कैबिनेट के विस्तार से पहले 8 राज्यों के राज्यपाल बदले

img

नई दिल्ली। केंद्र में मोदी कैबिनेट के विस्तार की अटकलों के बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश के कई राज्यों में नया राज्यपाल नियुक्त किया है। मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे थावरचंद गहलोत को कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया है। माना जा रहा है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को कैबिनेट में समायोजित करने के लिए थावरचंद गहलोत को केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटाया गया है।

इसी तरह हरि बाबू कंभमपति को मिजोरम, मंगूभाई छगनभाई पटेल को मध्य प्रदेश, राजेंद्रन विश्वनाथ अर्लेकर को हिमाचल प्रदेश, श्रीधरन पिल्लई को गोवा, सत्यदेव नारायण आर्य को त्रिपुरा, रमेश बैस को झारखंड और बंडारू दत्तात्रेय को हरियाणा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

राजयपालों की नियुक्ति का यह फैसला मोदी कैबिनेट में संभावित बदलाव को लेकर पार्टी और सरकार के स्तर पर जारी बैठकों के बीच आया है। कुछ ही महीने बाद यूपी और उत्तराखंड समेत चार राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार और उसके पहले राजयपालों की नियुक्ति अहम मानी जा रही है।

माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 जुलाई को कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं। मोदी कैबिनेट में 28 मंत्री पद खाली हैं। सूत्रों के मुताबिक़ 17-22 सांसदों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। इस विस्तार में यूपी समेत चुनावी राज्यों को विशेष तरजीह मिलने की संभावना है।

Related News