PM नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपना प्रत्याशी नहीं उतारेगी ये पार्टी !

img

New Delhi. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ओडिशा की पुरी संसदीय सीट से चुनाव लड़ने को लेकर चल रही अटकलों के बीच राज्य के प्रमुख दल BJD ने भी जवाबी रणनीति की तैयारी शुरू कर दी है। अगर मोदी पुरी से चुनाव लड़ते हैं तो BJD उनके खिलाफ अपना उम्मीदवार नहीं उतारने पर विचार कर सकता है। BJD इसे राज्य के व्यापक विकास के परिप्रेक्ष्य में रखकर देखेगा। पुरी सीट अभी BJD के पास है।

BJD से जुड़े सूत्रों ने कहा, हालांकि प्रधानमंत्री के पुरी से चुनाव लड़ने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सिर्फ इतना भर है कि राज्य भाजपा संगठन ने अनुरोध भेजा है कि प्रधानमंत्री वहां से चुनाव लड़ें। तभी से ये चर्चाएं चल रही हैं। लेकिन अगर प्रधानमंत्री पुरी या ओडिशा की किसी अन्य सीट से चुनाव लड़ने के लिए तैयार होते हैं तो BJD उस स्थिति में अपनी रणनीति लागू करेगा। पिछले चुनाव में ओडिशा की 21 में से 20 सीटें BJD ने जीती थीं। जबकि एक सीट भाजपा ने जीती थी।

BJD के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, मोदी यदि चुनाव लड़ने के लिए ओडिशा आते हैं तो यह राज्य के लिए फायदेमंद होगा। उनके दोबारा प्रधानमंत्री बनने पर राज्य के विकास के लिए बड़े ऐलान हो सकते हैं।

ओडिशा को केंद्र से ज्यादा मदद की जरूरत है। इसलिए दल इसे सकारात्मक रूप से ले सकता है। BJD मोदी के खिलाफ अपना उम्मीदवार नहीं उतारने का निर्णय भी ले सकता है। उसके लिए राज्य का विकास सर्वोपरि है।

दरअसल, पुरी से प्रधानमंत्री के चुनाव लड़ने के पक्ष में कई बातें कही जा रही हैं। एक, इससे जहां ओडिशा में भाजपा के लिए अच्छा माहौल बनेगा, वहीं पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के चुनावों से भी इसे जोड़कर देखा जा रहा है।

हिंदी क्षेत्र में सीट कम होने की संभावना के चलते भाजपा के लिए पूर्वी हिस्से ज्यादा अहम हो गए हैं। इसलिए भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री के पुरी से चुनाव लड़ने की अटकलों को पूरी तरह से खारिज नहीं किया गया है।

हालांकि वाराणसी से मोदी के दोबारा चुनाव लड़ने की पुष्टि पार्टी की तरफ से की जा चुकी है। लेकिन दूसरी सीट वडोदरा होगी या पुरी या फिर कोई और, यह अभी साफ नहीं है।

Related News