यहां BJP बूथ अध्यक्ष को मारी गई गोली, हालत गंभीर

img

कोलकाता॥ चुनावी हिंसा के लिए बदनाम हो रहे पश्चिम बंगाल में एक और BJP नेता को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल BJP नेता को जेएनएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। BJP नेताओं ने इस गोलीबारी के लिए तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है।

बताया गया कि नादिया जनपद में हरिंगाटा क्षेत्र के निवासी BJP नेता संजय दास को रविवार रात कपिलेश्वर संतोषपुर में एक चाय की दुकान के पास अज्ञात लोगों ने गोली मारी दी। संजय काे जेएनएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। BJP नेताओं ने गोली मारने के पीछे तृणमूल कार्यकर्ताओं का हाथ बताया है।

पुलिस ने बताया कि संजय नादिया के हरिंगाटा इलाके में रहते हैं और वे बूथ नंबर 10 के BJP अध्यक्ष हैं। उन्हें गोली मारने के बाद बदमाश फरार हो गये हैं। आसपास के लोगों ने उन्हें जेएनएम अस्पताल पहुंचाया। रानाघाट के एसपी वीएसआर अनंतनाग ने बताया कि 32 वर्षीय BJP नेता संजय की हालत गंभीर है, उनके होश में आने के बाद ही हमलावरों के बारे में स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।

आपको बता दें कि कुछ ही दिन पहले ही केंद्रीय गृह मंत्रालय ने चुनाव आयोग को पश्चिम बंगाल में हिंसा की घटनाओं की रिपोर्ट सौंपी है। इस रिपोर्ट के मुताबिक 01 जनवरी से 07 जनवरी के बीच पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा के 23 मामले दर्ज हुए और दो लोगों की जान गई है। जबकि पिछले साल यानी साल 2020 में पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा के 663 मामले दर्ज किये गये थे और इस दौरान 57 लोगों की मौत हुई थी। एक दिन पहले ही 24 परगना में भी BJP कार्यकर्ताओं पर देसी बम से हमले का मामला सामने आया था। इस हमले में छह लोग बुरी तरह से घायल हो गए थे। यह कार्यकर्ता एक शादी समारोह से लौट रहे थे और तभी रास्ते में इन्हें निशाना बनाया गया।

 

Related News