मुलायम के समधी व सपा MLA से मिले BJP नेता, जिपअ की कुर्सी के लिये उथल-पुथल हुई तेज

img
फिरोजाबाद। जनपद में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के लिए वैसे तो सभी राजनैतिक दल जोर लगा रहे हैं, लेकिन भाजपा इस काम के लिए कुछ ज्यादा ही सक्रिय नजर आ रही है। अध्यक्ष पद पर कौन से दल का कब्जा होगा यह तो भविष्य के गर्भ में छिपा है लेकिन हाल ही में भाजपा नेताओं की सपा से निष्कासित विधायक और सैफई परिवार के रिश्तेदार से उनके घर पर मुलाकात के बाद जिले में अब जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी के लिये सियासी उथल-पुथल तेज हो गई।
hariom yadav mla

समाजवादी पार्टी ने रुचि यादव को अपना उम्मीदवार बनाया

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी ने रुचि यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है। जबकि भाजपा सहित अन्य राजनैतिक दलों ने अभी अपने पत्ते नही खोले है। 33 सदस्यों वाली जिला पंचायत में 13 सदस्य सपा के पास हैं, जबकि 05 सदस्य भाजपा, 05 सदस्य बसपा पर है इसके साथ ही 10 सदस्य निर्दलीय जीत कर आये हैं। इन निर्दलीय सदस्यों में सपा से निष्कासित विधायक व सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के समधी हरिओम यादव के पुत्र विजय प्रताप सिंह और पत्नी रामसखी भी शामिल हैं।

कई निर्दलीय सदस्यों पर भी सपा से निष्कासित विधायक हरिओम यादव का प्रभाव

राजनैतिक सूत्रों की माने तो कई निर्दलीय सदस्यों पर भी सपा से निष्कासित विधायक हरिओम यादव का प्रभाव है। यही वजह है कि हाल ही में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह, सांसद चंद्रसेन जादौन और पार्टी जिलाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह लोधी विधायक हरिओम यादव के आवास पर उनसे मिलने पहुंचे थे और जिला पंचायत अध्यक्ष के लिये उनसे समर्थन मांगा था।
स्वयं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने माना था कि विधायक के पास बहुत से जिला पंचायत सदस्य है इसलिये वह हमें अध्यक्ष दे सकते हैं। हम कह सकते है कि वह जिधर जायेंगे उसी का अध्यक्ष बनेगा। मैं यह चाहता हूं कि वह हमें समर्थन करें। कुल मिलाकर भाजपा को ऐसा लगता है कि अगर हरिओम यादव का समर्थन मिल जाये तो जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज हुआ जा सकता है।

भाजपा में शामिल होने के सवाल पर ये बोले विधायक

सैफई परिवार के रिश्तेदार और सपा से निष्कासित विधायक हरिओम यादव ने कहा कि भाजपा नेता उनके घर पर चाय पीने के लिए आए थे, उनसे बात हुई है। भाजपा में शामिल होने के सवाल पर कहा कि आगे का फैसला जनता से पूछकर लिया जाएगा।

सपा ने किया है निष्काषित

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने फरवरी 2021 में पत्र जारी कर उन्हें 06 साल के लिए निष्कासित कर दिया था। हरिओम यादव पर बीजेपी से सांठ-गांठ का आरोप लगाया गया था।
Related News