BJP के इस नेता ने विधायक रॉय की मौत को बताया हत्या, की दोषियों पर सख़्त कार्रवाई की मांग

img

नई दिल्ली॥ भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय कटियार ने पश्चिम बंगाल के BJP विधायक देवेंद्र नाथ रॉय की मौत को हत्या बताते हुए दोषियों पर सख़्त कार्रवाई की मांग की है।

BJP MLA

कटियार ने सोमवार को ट्विटर पर लिखा कि पश्चिम बंगाल के हेमताबाद से BJP विधायक देवेंद्र नाथ रॉय की जघन्य हत्या बेहद चौंकाने वाली घटना है। उन्होंने विधायक राॅय की हत्या का आरोप राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लगाया है। उन्होंने कहा कि हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। दोषियों के खिलाफ सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि राॅय उत्तर दिनाजपुर के हेमताबाद से विधायक थे। सोमवार सुबह उनके गांव तार में स्थानीय लोगों ने उनका शव घर के पास फंदे से लटका हुआ देखा। वह लूंगी और शर्ट पहने हुए थे। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

BJP का दावा है कि उनके शरीर पर जख्मों के कई निशान हैं। उनकी हत्या करने के बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से टांग दिया गया है। इसका आरोप स्थानीय तृणमूल कार्यकर्ताओं पर लगाया जा रहा है। रॉय 2016 में माकपा के टिकट पर विधायक बने थे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तृणमूल कांग्रेस की प्रत्याशी सविता छेत्री को 13 हजार से अधिक मतों से हराया था। वर्ष 2019 में उन्होंने BJP की सदस्यता ले ली थी।

Related News