हरियाणा चुनाव में हार की समीक्षा करेगी BJP, 7 मंत्री हारे, 5 बागी निर्दलीय जीते

img

नई दिल्ली॥ बीते दिनों हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली पराजय की पार्टी अब समीक्षा करने जा रही है। इस विधानसभा चुनाव में राज्य की कुल 90 में से 50 विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशी को शिकस्त मिली है। इतना ही नहीं, राज्य में सात मंत्रियों की हार और भाजपा के पांच बागियों के निर्दलीय चुनाव जीतने से भी पार्टी हैरान है। पार्टी को लगता है कि कई सीटों पर टिकट वितरण में चूक हुई है, नहीं तो नतीजे 2014 की तरह होते।

भाजपा की जांच के केंद्र बिंदु में ‘इलेक्शन मैनेजमेंट’ भी है। सूत्रों की माने तो पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का मानना है कि हरियाणा में इलेक्शन मैनेजमेंट में भी कुछ चूक हुई। टिकट के दावेदार उम्मीदवारों के बारे में जानकारियां जुटाकर बनाई गई रिपोर्ट भी ठीक नहीं रही। इससे कई सीटों पर योग्य उम्मीदवारों को नजरअंदाज कर कमजोर प्रत्याशियों को टिकट मिला।

पढि़ए-महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद को लेकर भाजपा-शिवसेना के बीच खींचतान जारी!

नेतृत्व को यह भी लगता है कि भाजपा न तो समय रहते दुष्यंत चौटाला के नेतृत्ववाली पार्टी जेजेपी की ताकत का अंदाजा लगा पाई और न ही आपसी सिर फुटव्वल से जूझती कांग्रेस के हुड्डा की कोशिशों से लड़ाई में वापस लौटने की उसे भनक लगी।

इलेक्शन कैंपेनिंग के दौरान भाजपा अति आत्मविश्वास का शिकार रही जिससे पार्टी समय रहते अपनी रणनीतियों में बदलाव नहीं कर पाई और सीटों का नुकसान झेलना पड़ा। टिकट वितरण को लेकर कई सीटों पर घमासान मचा। चुनाव के दौरान आदमपुर, रेवाड़ी सहित कई सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी दिखी। रेवाड़ी में तो कार्यकर्ताओं ने दीनदयाल उपाध्याय की डायरी के कथन को होर्डिंग पर प्रकाशित कर अपनी नाराजगी का प्रदर्शन किया था।

सूत्रों ने बताया कि अभी तक पार्टी सरकार बनाने में उलझी हुई थी। रविवार को सरकार बन जाने के बाद अब पार्टी का फोकस राज्य में 50 सीटों पर हार और पार्टी के बहुमत से चूकने के कारणों की समीक्षा पर होगा। इस मसले पर पाटीर् पहले ही प्रदेश इकाई से रिपोर्ट तलब कर चुकी है। भाजपा शीर्ष नेतृत्व हर सीट पर हार के कारणों की जांच कराना चाहता है ताकि आगे के चुनावों में गलतियां न दोहराई जाएं।

दरअसल, भाजपा का मानना है कि 2014 की तुलना में 2019 का विधानसभा चुनाव आसान था। 2014 में हरियाणा का विधानसभा चुनाव बहुमत से जीतना कहीं ज्यादा मुश्किल था। वजह कि तब भाजपा को कांग्रेस से सत्ता छीननी पड़ी थी। मगर इस बार राज्य और केंद्र दोनों में पार्टी की सरकार रहते हुए चुनाव में भी बहुमत से चूक जाना चौंकाने वाला है।

Related News