बांदा में नग्न अवस्था में मिली महिला की लाश, इलाके में मची सनसनी

img
बांदा, 12 अक्टूबर यूपी किरण। उत्तर प्रदेश के हाथरस और बलरामपुर बलात्कार की घटनाओं की गुत्थी अभी सुलझ भी नहीं पाई है कि आज जनपद बांदा के बदौसा थाना क्षेत्र में एक महिला की नग्न अवस्था में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। इस मामले में पुलिस ने मृतका की सास को गिरफ्तार किया है और पति की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है।
 घटना बदौसा थाना क्षेत्र के बंगाली पुरवा मोहल्ले में प्राथमिक विद्यालय के पीछे की है। इसी विद्यालय के पीछे संतराम सोनकर के खेत में सुनीता देवी(28) पत्नी भैरो दीन का शव आज नग्न अवस्था में पाया गया।शव को देखते ही सनसनी फैल गई, स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अरविंद सिंह मौके पर पहुंचे और शव को बरामद किया। इलाकाई लोगों के कहने पर ही मोहल्ले की रहने वाली मृतका की सास रानी को बुलाया गया, जिसने शव को पहचानने से इंकार कर दिया।
 इसकी सूचना मिलने पर मृतका की मां जो अतर्रा के गांधी नगर वार्ड में रहती है, वह मौके पर पहुंची और बताया कि शव उसकी बेटी सुनीता का है। मृतका की मां ने ही आरोप लगाया कि मृतका का पति सुनीता को आए दिन मारपीट कर प्रताड़ित करता था। 3 साल से दोनों के बीच परिवारिक विवाद का मुकदमा चल रहा था। विवाद के बाद भी सुनीता अपनी ससुराल में ही रह रही थी।
 नग्न अवस्था में शव देखकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। शरीर में केवल ब्लाउज था, घटनास्थल के आसपास कोई कपड़ा नहीं मिलने से इस बात की भी संभावना व्यक्त की जा रही है कि सुनियोजित ढंग से उसकी हत्या कहीं और की गई है और शव को खेत में फेंका गया है। शव के चेहरे और पेट पर खरोंच के निशान से पता चला कि हत्या के बाद पेट के बल शव को खसीटा गया है। सीने पर बरछी से गोदने का निशान था पर खून चारों तरफ सूख चुका था। खेत में कुछ दूरी पर एक लोटा और लेडीज चप्पल पड़ा मिला।
 पुलिस ने मौके से बरामद सामान को जब्त कर लिया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने मृतका की सास को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पति भैरम दीन की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है।
इसी बीच जब पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए लेकर जा रही थी तो मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने वाहन को रोककर हंगामा किया। बाद में सीओ ने भरोसा दिलाया कि हत्यारों को बख्शा नहीं जाएगा। इस पर आक्रोशित लोग शांत हुए। इस बारे में क्षेत्राधिकारी सतपाल शर्मा ने बताया कि मृतका की मां ने दहेज के लिए हत्या किए जाने की तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद असलियत पता की जाएगी। वही मौके का पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ शंकर मीणा ने भी जायजा लिया।

 

Related News