सोने की चमक रहेगी बरकरार या आएगी और गिरावट, एक्सपर्ट ने बताई नई कीमत और निवेश का सही मौका
पीली धातु यानी सोने की कीमतों में इन दिनों भले ही सुस्ती छाई हुई हो और इसकी रफ्तार पर अस्थायी ब्रेक लगा हो, लेकिन निवेशकों के लिए राहत की खबर यह है कि इसका ऐतिहासिक बुल रन अभी खत्म नहीं हुआ है।
दिग्गज वित्तीय संस्थान गोल्डमैन सैक्स से जुड़े विशेषज्ञ टोनी किम का मानना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीतियों को लेकर चल रही अनिश्चितता और अमेरिका-ईरान के बीच भड़के तनाव की वजह से फिलहाल सोने की मांग में हल्की नरमी जरूर आई है, लेकिन लंबे समय के लिहाज से सोने का भविष्य बेहद उज्ज्वल है। उनका साफ तौर पर कहना है कि वैश्विक स्तर पर छाई धुंध छंटने के बाद सोना एक बार फिर नई ऊंचाइयों को छूएगा और आने वाले दिनों में यह नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है।
कब करें निवेश? जानिए क्या है एक्सपर्ट की सलाह
मौजूदा समय में अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 4479 डॉलर प्रति आउंस के आसपास चल रहा है। बाजार के जानकारों का सुझाव है कि निवेशकों को हर बड़ी गिरावट पर खरीदारी का मौका तलाशना चाहिए।
टोनी किम का अनुमान है कि अगर कीमतें गिरकर 4000 डॉलर प्रति आउंस यानी भारतीय करंसी के हिसाब से लगभग 134000 रुपये के आसपास आती हैं, तो वह निवेशकों के लिए इस चमकीली धातु में पैसा लगाने का सबसे बेहतरीन और सुनहरा मौका साबित हो सकता है। फिलहाल जनवरी महीने में अपने सर्वकालिक उच्च स्तर को छूने के बाद से कीमतों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है, जिसके पीछे वैश्विक अर्थव्यवस्था से जुड़े कई बड़े कारण जिम्मेदार हैं।