यूपी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पहुंचे केदारनाथ, पढ़िए क्या है पूरा मामला

img

रुद्रप्रयाग, 15 नवम्बर। ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ के कपाट बंद होने से एक दिन पूर्व रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत केदारनाथ धाम पहुंचे। दोनों मुख्यमंत्रियों के केदारनाथ दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा की पुख्ता तैयारियां की गयी हैं। नवनियुक्त जिलाधिकारी मनुज गोयल एवं पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर केदारनाथ में मौजूद हैं और व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

cm trivendra yogi adityanath

कल भैयादूज पर्व पर सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे भगवान केदारनाथ के कपाट विधि विधान से शीतकाल के लिए बंद कर दिए जायेंगे। कपाट बंद की प्रक्रिया रात दो बजे से शुरू हो जायेंगी। भगवान पंचमुखी उत्सव डोली को मुख्य पुजारी के आवास से मंदिर परिसर लाया गया और डोली को भव्य तरीके से सजाया जा रहा है। कपाट बंद होने के बाद पंचमुखी डोली के साथ हजारों की संख्या में भक्त केदारपुरी से ओमकारेश्वर मंदिर के लिए आगमन करेंगे और भगवान केदारनाथ के दर्शन शीतकाल में ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में होंगे।

रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत केदारनाथ धाम पहुंचे। दोनों मुख्यमंत्री कपाट बंद होने की प्रक्रियाओं में शामिल रहेंगे और इसके बाद बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना होंगे। पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकसी बरती गयी है।

केदारनाथ धाम में चारों ओर पुलिस जवानों की तैनाती की गयी है। पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि केदारनाथ धाम में पर्याप्त संख्या में जवानों की तैनाती की गयी है। वीआईपी कार्यक्रम को लेकर पुलिस मुख्यालय देहरादून से भी पुलिस बल भेजा गया था। इसके साथ ही धाम में एंटी टेररिस्ट स्क्वाड के कमांडोज भी मौजूद हैं। धाम में सुरक्षा के मानकों को पूरा किया गया है।

नवनियुक्त जिलाधिकारी मनुज गोयल ने बताया कि कपाट बंद करने को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की गयी हैं। कपाट बंद होने के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धाम में पहुंचे हुए हैं और दो बजे रात से कपाट बंद करने को लेकर प्रक्रिया शुरू हो जायेंगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को लेकर केदारनाथ धाम में पुलिस बल को तैनात किया गया है।

समाचार लिखे जाने तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत केदारनाथ धाम क्षेत्र में पुनर्निर्माण कार्यों का भौतिक निरीक्षण कर रहे थे। उनके साथ पुनर्निर्माण कार्यों से जुड़े उत्तराखंड शासन और महकमे के अधिकारी भी थे।

Related News