उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गुरुवार को निर्माणाधीन भवन ‘उत्तराखण्ड निवास’ का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य, गुणवत्ता बनाए रखते हुए तय की गई समय सीमा में पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।
नई दिल्ली के चाणक्यपुरी में गोपिनाथ बारदोलाई मार्ग पर जून 2020 से उत्तराखण्ड निवास का काम शुरू किया गया था। इस भवन में तीन बेसमेन्ट होंगे। भवन में भूतल समेत कुल सात तल बनाए जाएंगे। यह भवन उत्तराखण्ड वास्तुकला शैली में बनाया जायेगा। यह पांच सितारा ग्रीन भवन है, जिसका अपना सीवेज शोधन संयत्र होगा। भवन में 50 किलो वाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट भी है।
मुख्यमंत्री को बताया गया कि भवन का निर्माण दिसम्बर 2021 तक पूर्ण कर दिया जायेगा तथा रंगरोगन, फिनिशिगं का काम मार्च 2022 तक पूरा किया जाना है। सभी जरूरी स्वीकृतियां प्राप्त कर ली गई है। इस दौरान मुख्य सचिव ओमप्रकाश, विशेष सचिव मुख्यमंत्री डाॅ. पराग मधुकर धकाते, इंजीनियर वीसी पुरोहित, उत्तराखण्ड पेयजल निगम की प्रबन्ध निदेशक इला गिरी, अपर स्थानिक आयुक्त रंजन मिश्रा, वरिष्ठ व्यवस्था अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।