IPL के 17वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस के विरूद्ध मिली 09 विकेट से जीत पर खुशी जताते हुए पंजाब किंग्स के दिग्गज बैट्समैन क्रिस गेल ने कहा कि वास्तव में उनकी टीम को इस जीत की आवश्यकता थी।
पंजाब ने कप्तान लोकेश राहुल (नाबाद 60) और क्रिस गेल (नाबाद 43) की शानदार पारियों की बदौलत शुक्रवार शाम को एमए चिदंबरम स्टेडियम में मुंबई इंडियंस को 14 गेंद शेष रहते नौ विकेट से हरा दिया। राहुल और गेल के अलावा मयंक अग्रवाल ने भी 25 रनों की पारी खेली।
गेल ने IPL की आधिकारिक वेबसाइट पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में अर्शदीप सिंह को बताया,””मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं, थोड़ा राहत मिली। हमें वास्तव में इस जीत की बहुत जरूरत थी। गत चैंपियन मुंबई के विरूद्ध खेलना हमेशा कठिन होता है। वास्तव में यह जीत टीम और यूनिवर्स बॉस के लिए शानदार है। मैं काफी अच्छा दिख रहा था, विकेटों के बीच दौड़ रहा था, मैं अपने आप को फिट और अच्छा महसूस कर रहा हूं। मैं इसका आनंद ले रहा हूं, मैं अपने शरीर की देखभाल कर रहा हूं और स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ सकता हूं।”
बता दें कि मुंबई के विरूद्ध मुकाबले में पंजाब ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। मुंबई ने कप्तान रोहित शर्मा (63) के बेहतरीन अर्धशतक और सूर्यकुमार यादव के 33 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट पर 131 रन बनाए। जवाब में पंजाब ने कप्तान लोकेशराहुल (नाबाद 60) और क्रिस गेल (नाबाद 43) के बेहतरीन पारियों की बदौलत 17.4 ओवरों में 1 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।