बादल छाने के साथ पड़ सकती है हल्की बौछारें, यहां 3 दिनों बाद तेजी से बढ़ेगी ठंड

img

भोपाल॥ हवा का रुख उत्तरी होने से राजधानी भोपाल सहित मध्य प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में ठंड बरकरार है। शुक्रवार को क्रिसमस की सुबह भी ठिठुरन भरी ठंड के साथ हुई। छुट्टी का दिन होने की वजह से लोग सुबह देर तक रजाई और कंबल में दुबके रहे। उधर, गुरुवार दोपहर बाद ही हवा का रुख उत्तरी, उत्तर-पूर्वी हो जाने से दिन में सिहरन महसूस हुई।

Winter

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक 26 दिसम्बर को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत पहुंचेगा। इस सिस्टम के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने की संभावना है। 29 दिसम्बर से एकबार फिर ठंड बढ़ने लगेगी। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ मौजूद है। इस वजह से वहां बर्फबारी जारी है। हवा का रुख भी उत्तरी और उत्तर-पूर्वी चल रहा है। इस वजह से रात में ठंड बरकारार है।

हालांकि पिछले दो दिनों से दोपहर में हवा का रुख दक्षिण-पूर्वी हो जाता है। इससे अधिकमतम तापमान कुछ बढ़ जाता है। शाम के वक्त फिर उत्तरी हवा चलने लगती है। इस वजह से न्यूनतम तापमान में अधिक गिरावट नहीं हो रही है। 26 दिसम्बर को एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में दाखिल होने के आसार हैं।

इस सिस्टम की आवृति अधिक होने से उत्तर भारत में बर्फबारी के साथ ही पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बरसात भी होने की संभावना है। इस दौरान मप्र के उत्तरी भाग में भी बादल छा सकते हैं और हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। बादलों के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी। उत्तर भारत का सिस्टम 28 दिसम्बर को आगे बढ़ जाएगा। इस वजह से 29 दिसम्बर से फिर ठंड बढ़ने लगेगी।

 

Related News