सचिवालय नहीं जा पाए तो सड़क पर ही धरने पर बैठ गए कांग्रेस कार्यकर्ता, राज्य सरकार पर लगाया बड़ा आरोप

img

देहरादून। उत्तराखंड सरकार पर आपदा पीड़ितों की मदद न करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज जुलूस निकाला और सांकेतिक उपवास किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व सीएम हरीश रावत और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में जुलूस निकालकर सचिवालय कूच किया। हालांकि पुलिस ने उन्हें सचिवालय पहुंचने से पहले ही रोक लिया जिस पर कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं सड़क पर बैठ गए और एक घंटे तक सांकेतिक उपवास किया।

गौरतलब है कि बीते 17-18 अक्टूबर को राज्य में हुई भारी बारिश से काफी तबाही हो गयी थी। इस पर कांग्रेस ने राज्य सरकार से पांच दिन के अंदर सभी आपदा पीड़ितों को आर्थिक मदद देने और उनके रहने की व्यवस्था करने की मांग की थी। साथ ही मांग न पूरी होने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पांच दिन बीतते ही आंदोलन शुरू कर दिया।

इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व सीएम रावत ने कहा कि सरकार आपदा प्रबंधन में पूरी तरह से नाकाम रही है। आपदा पीड़ितों के लिए रहने और खाने तक की उपयुक्त व्यवस्था नहीं कर पायी है। आर्थिक सहायता तो दूर की बात है। उन्होंने कहा अगर सरकार आपदा पीड़ितों की जल्द मदद नहीं करती तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी।

आंदोलन में पृथ्वीपाल सिंह चौहान, सुशील राठी, सुरेंद्र कुमार, सूर्यकांत धस्माना, संजय किशोर, लालचंद शर्मा, राजकुमार, राजीव जैन, राजेंद्र शाह, दीप वोरा, गरिमा दसौनी, राजेश चमोली, दर्शनलाल, पूरण सिंह, अनुजदत्त शर्मा, अभिषेक भंडारी आदि शामिल रहे।

Related News