कोरोना वायरस ने विश्वभर के 30 करोड़ छात्रों की पढ़ाई को किया प्रभावित!

img

नई दिल्ली॥ चीन के बुहान शहर में कोहराम मचाने वाले Corona Virus के बढ़ते डर से स्कूलों को बंद किए जाने से वैश्विक स्तर पर करीब 30 करोड़ छात्रों को कई हफ्ते से घरों में ही रहना पड़ रहा है। इससे इनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इटली ने भी Corona Virus के प्रकोप के चलते देश के स्कूलों को फिलहाल बंद कर दिया है।

पूरे विश्व में अब तक Corona Virus से 95 हजार से भी अधिक लोग संक्रमित हैं जबकि 3200 से ज्यादा लोगों को जान गंवानी पड़ी है। यह वायरस करीब 80 देशों में फैल चुका है। बीते वर्ष के अंत में चीन से फैले इस वायरस ने सबसे ज्यादा चीन में ही कहर बरपाया है। चीन में इस वायरस संक्रमण से सबसे अधिक मौत के मामले हैं।

चीन में इस वायरस के प्रसार को रोकने के लिए उद्योगों को अस्थायी तौर पर जबकि स्कूलों को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। वायरस फैलने के बाद इटली के अलावा अन्य देशों ने भी असाधारण उपाय करने शुरू कर दिए हैं। यूनेस्को ने कहा कि 13 देशों ने स्कूलों को बंद कर दिया है और इससे करीब 29.5 करोड़ छात्र प्रभावित हुए हैं।

यूनेस्को के प्रमुख ऑडरे अजुले ने कहा कि परेशानी के वक्त अस्थाई तौर पर स्कूलों को बंद करना नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि ‘वर्तमान के वैश्विक संकट और इससे शिक्षा में काफी व्यवधान आया है और यदि यह बरकरार रहता है तो यह शिक्षा के अधिकार के लिए खतरा हो सकता है।’ इटली ने बुधवार को सभी स्कूलों और विश्वविद्यालयों को 15 मार्च तक के लिए बंद किए जाने की घोषणा की।

इटली द्वारा 11 शहरों को पृथक किए जाने जैसे कड़े कदम उठाए जाने के बावजूद वायरस का प्रसार रुक नहीं रहा है। चीन से बाहर Corona Virus के सर्वाधिक मामले वाले देश दक्षिण कोरिया ने नए सत्र की शुरुआत को 23 मार्च तक के लिए टाल दिया। जापान में भी प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने मार्च तक सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया।

पढ़िए-IND vs SA : वनडे सीरीज से पहले आई टीम इंडिया के लिए खुशखबरी, दो धुरंधरों की वापसी॰॰॰

फ्रांस में संक्रमण के सर्वाधिक प्रभावित इलाकों के करीब 120 स्कूलों को इस हफ्ते बंद कर दिया गया। Corona Virus से जूझ रहे ईरान में भी 92 लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में ईरान ने सभी स्कूलों को बंद करने के साथ ही बड़े सांस्कृतिक उत्सवों और खेल प्रतियोगिताओं को रद्द कर दिया है।

Related News