img

Cricket Record: आईएलटी20 टूर्नामेंट में रविवार को दुबई कैपिटल्स और अबू धाबी नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में सचमुच रनों की बारिश हुई। बल्लेबाजों ने गेंदबाजों पर चौकों और छक्कों की बौछार कर दी। यही कारण है कि दुबई कैपिटल्स ने अबू धाबी नाइट राइडर्स को हराकर प्रतियोगिता के इतिहास की सबसे बड़ी चुनौती का सफलतापूर्वक पीछा करके एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। खास बात ये रही कि मैच में कुल 15 छक्के और 41 चौके लगे और तीन बड़े रिकॉर्ड टूटे।

अबू धाबी नाइट राइडर्स ने दुबई कैपिटल्स के विरुद्ध पहले बैटिंग की। अबू धाबी नाइट राइडर्स ने मध्यक्रम के बल्लेबाज चरिथ असलंका के 38 गेंदों पर 78 रनों की बदौलत 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए। अबू धाबी नाइट राइडर्स की ओर से कुल 8 छक्के और 22 चौके लगे। इनमें से 4 छक्के और 6 चौके चरिथ असलंका ने लगाए। 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दुबई कैपिटल्स ने शानदार शुरुआत की। आईएलटी20 के इतिहास में इससे पहले कभी भी इतना बड़ा लक्ष्य हासिल नहीं किया गया।

दुबई कैपिटल्स ने एक गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। उनके दो खिलाड़ियों शाई होप और गुलबदीन नैब ने दमदार प्रदर्शन किया और टीम की जीत सुनिश्चित की। शाई होप ने 53 गेंदों पर 74 रन और गुलबदीन नैब ने 47 गेंदों पर 80 रन बनाए। दुबई कैपिटल्स ने सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए 7 छक्के और 19 चौके लगाए। इनमें शाई होप और नैब ने 6 छक्के और 13 चौके लगाए।

15 छक्के, 41 चौके... टूटे तीन बड़े रिकॉर्ड

मैच में कुल 15 छक्के और 41 चौके लगे और तीन रिकॉर्ड टूटे। अबू धाबी नाइट राइडर्स ने पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी की। दूसरा रिकार्ड होप और नैब का था। उन्होंने 135 रन की साझेदारी करके दुबई कैपिटल्स टीम के लिए सबसे बड़ी साझेदारी की। तीसरा, इस मैच में दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से 410 रन बनाए। इससे पहले एक मैच में सर्वाधिक रन 368 रन बनाये गये थे।