धन, सुख और समृद्धि के लिए महाशिवरात्रि पर करें ये उपाय

img

Desk। शास्त्रों के अनुसार महाशिवरात्रि पर्व विशेष फलदाई होता है। इस बार महाशिवरात्रि के दिन श्रवण नक्षत्र का साक्षी सर्वार्थ सिद्धि योग, अमृत योग एवं त्रयोदशी प्रदोष का योग बना है, जो शिवभक्तों के लिए विशेष फलदायी होगा। इस दुर्लभ संयोग में भगवान शिव के रुद्राभिषेक का पाठ करना चाहिए। भगवान शिव वैसे भी बड़े सहज व सरल हैं। वह जल्द ही प्रसन्न हो जाते हैं। इसीलिए उन्हें औघड़दानी भी कहा जाता है। हालांकि शिव का गुस्सा भी प्रलयंकारी है। सनातन मान्यता के अनुसार महाशिवरात्रि का व्रत रखने पर पूरे वर्ष के व्रतों का पुण्य प्राप्त होता है। शिवरात्रि पर 4 प्रहर की पूजा अत्यंत फलदायी होती है।

शिवरात्रि पर कुछ सरल उपायों से व्यक्ति के सारे कष्टों का निवारण और मनोकामनाओं की पूर्ति होती है। शास्त्रों के अनुसार शिवरात्रि पर घर में शिवलिंग की स्थापना कर उसकी प्रतिदिन पूजा करने से आमदनी में इजाफा होता है। इस दिन गरीबों को भोजन कराने से घर में कभी अन्न की कमी नहीं होती और पितरों की आत्मा को शांति मिलती है। मन की शांति के लिए पानी में काले तिल मिलाकर शिवलिंग का अभिषेक करना चाहिए। संतान प्राप्ति के लिए शिवरात्रि के दिन आटे से 11 शिवलिंग बनाकर जलाभिषेक करना चाहिए।

 

इसी तरह शिवलिंग का 101 बार जलाभिषेक करने से निरोग काया मिलती है। शिवरात्रि पर 21 बेल पत्रों पर चंदन से ‘ॐ नम: शिवाय’ लिखकर शिवलिंग पर चढ़ाने से सभी इच्छाएं पूरी होती हैं। इस दिन बैलों को हरा चारा खिलाने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है। पापों के प्रभाव को खत्म करने के लिए शिवरात्रि पर भगवान शिव को तिल व जौ चढ़ाएं। तिल चढ़ाने से पापों का नाश व जौ चढ़ाने से सुख में वृद्धि होती है।

इसी तरह शिवरात्रि के दिन शिवलिंग पर केसर मिलाकर दूध चढ़ाने से विवाह की अड़चने दूर हो जाती हैं। धन प्राप्ति के लिए इस दिन मछलियों को आटे की गोलियां खिलाना विशेष फलदाई होता है। शिवरात्रि के दिन भगवान शिव का ध्यान करते रहने से आध्यात्मिक शक्ति का विकास होता है।

Related News