img

Up Kiran, Digital Desk: उत्तराखंड के पवित्र चार धामों में शामिल गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दीपावली पर्व पर विशेष सजावट की गई है। मंदिरों को फूलों और रंगोली से सजाकर ऐसा माहौल बनाया गया है, मानो ये धाम दुल्हन की तरह सजे हों। इस बार के दीपावली पर्व के साथ ही दोनों धामों के शीतकालीन कपाट बंद करने की तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं।

गंगोत्री मंदिर के कपाट 22 अक्टूबर को, जो अन्नकूट पर्व के दिन है, दोपहर 11:36 बजे बंद किए जाएंगे। वहीं, यमुनोत्री के कपाट 23 अक्टूबर को भैया दूज के दिन दोपहर 12:30 बजे बंद होंगे। कपाट बंद होने के बाद भक्त मां गंगा के दर्शन मुखवा गांव से और मां यमुना के दर्शन खरसाली गांव से कर पाएंगे। यह बंदी लगभग छह महीने तक रहेगी।

दीपावली से पहले गंगोत्री मंदिर को फूलों से सजाया गया है, जिससे मंदिर की खूबसूरती और भव्यता देखते ही बनती है। मंदिर के आसपास रंगोली के रंग-बिरंगे डिजाइनों ने त्योहार की रौनक और बढ़ा दी है। गंगोत्री के रावल राजेश सेमवाल ने बताया कि दीपदान से पहले मां गंगा को अर्ग अर्पित किया जाता है। इसके बाद शाम के समय दीप उत्सव मनाया जाता है, जो श्रद्धालुओं के लिए खास अनुभव होता है।