Electric Shock : कहाँ और कैसे हुई बुजुर्ग दम्पति की मौत ?

img

रायबरेली : गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के हुल्लापुर मजरे लोहड़ा गांव में रविवार को टिनशेड और नीम के बीच बंधे तार पर कपड़े फैलाने के दौरान महिला करंट की चपेट में आ गई। उसे तड़पते देख पति बचाने दौड़ा तो वह भी करंट की चपेट में आ गया।
पड़ोसियों की मदद से परिवारीजनों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पावर कॉर्पोरेशन के अभियंता मौके पर पहुंचे और जांच की। टिनशेड में करंट कैसे आया, इसका निरीक्षण किया।

electrocution

हुल्लापुर मजरे लोहड़ा गांव निवासी रामनाथ (68) के दरवाजे पर लोहे की टिनशेड छाई हुई है। उसके नीचे छत वाला पंखा लगा है। टिनशेड के पाइप और घर के सामने नीम के पेड़ से कपड़े सुखाने के लिए तार बंधा है।
रविवार सुबह रामनाथ की पत्नी रामरानी (65) उसी तार पर कपड़े फैला रही थीं। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गईं। पत्नी को करंट से तड़पते देख दरवाजे पर बैठे रामनाथ उसे बचाने दौड़े।

पत्नी को पकड़ते ही वह भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों अचेत होकर गिर पड़े। घर के लोगों ने दंपती को सीएचसी जतुआ टप्पा पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, घटना की जानकारी होने पर त्रिपुला उपखंड अधिकारी राजीव यादव, अवर अभियंता संजय भारती गांव पहुंचे।

तार में करंट कैसे आया, इसकी जांच की। उपखंड अधिकारी ने बताया कि टिनशेड के नीचे लगे पंखे या फिर ट्रांसफार्मर से घर के लिए आने वाली केबल के साथ लगे सपोर्टिंग तार के जरिये करंट आया है। केबल भी कई जगह कटी थी। जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी। उसके बाद सरकारी मदद दिलाई जाएगी।

Related News