फ्रांस के राष्ट्रपति पर हमला, युवक ने सरेआम गाल पर जड़ा थप्पड़, देखें वीडियो

img
पेरिस। फ्रांस में एक युवक ने राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन को थप्पड़ मार दिया। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
french-president-emmanuel-macron-slapped

राष्ट्रपति का बायां हाथ पकड़ा और दाएं हाथ से उनके गाल पर थप्पड़ मारा

यह घटना मंगलवार को साउथइस्टर्न फ्रांस के ड्रोम क्षेत्र में उस समय हुई जब राष्ट्रपति इमैनुएल एक वॉकअबाउट सेशन के दौरान लोगों से मिल रहे थे। तभी भीड़ में शामिल एक युवक के पास राष्ट्रपति उसके पास पहुंचे, युवक ने राष्ट्रपति का बायां हाथ पकड़ा और दाएं हाथ से उनके गाल पर थप्पड़ मारा। इस पर वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने राष्ट्रपति को वहां से सुरक्षित निकाला और युवक को वहीं गिराकर दबोच लिया।

घटना का वीडियो वायरल

स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार इस मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ड्रोम क्षेत्र मे इमैनुएल मैक्रॉन रेस्टोरेंट मालिकों और छात्रों से मुलाकात कर कोरोना महामारी के बाद लोगों का जीवन कैसे पटरी पर आ रहा है इस संबंध में जानकारी लेने पहुंचे थे। इस घटना का वीडियो सामने आया जो थोड़ी देर बाद सोशल मीडिया पर  वायरल हो गया।

वास्तव में हुआ क्या

फुटेज में नजर आता है कि मैक्रों भीड़ के पास से गुजर रहे हैं। उनके और लोगों के बीच बैरिकेड हैं। इस दौरान एक व्यक्ति उनसे कुछ कहने की कोशिश करता है। मैक्रों जैसे ही उनके पास जाते हैं, वो व्यक्ति उन्हें थप्पड़ मारता है। मैक्रों के सिक्योरिटी एजेंट्स उसे पकड़ लेते हैं। जानकारी के मुताबिक, हमलावर “हम मैक्रों से परेशान हैं” जैसे कुछ नारे लगा रहा था।

प्रधानमंत्री जीन कास्टेक्स ने घटना के फौरन बाद नेशनल असेंबली को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा- लोकतंत्र का मतलब बातचीत और बहस है। किसी भी मामले में हम हिंसा का समर्थन नहीं कर सकते। विपक्ष के नेता जीनलुक मैल्कन ने कहा- हम अपने राष्ट्रपति के साथ खड़े हैं। राष्ट्रपति के दौरे के कुछ दिन पहले ही इस क्षेत्र में 7 महीने बाद बार और रेस्टोरेंट्स खोले गए हैं। नाइट कर्फ्यू भी खत्म कर दिया गया है।

पूरे देश का दौरा कर रहे हैं मैक्रों

फ्रांस के राष्ट्रपति इन दिनों देशव्यापी दौरे पर हैं। इसका मकसद लोगों की नब्ज टटोलना माना जा रहा है। मंगलवार को हुई घटना के कुछ देर पहले उन्होंने एक हाईस्कूल का दौरा किया था। उनका लोगों से मिलने का कार्यक्रम नहीं था, लेकिन जब वे स्कूल से वापस जा रहे थे तब कुछ लोगों ने उन्हें आवाज लगाई। इसके बाद मैक्रों उनसे मिलने पहुंचे और तभी यह घटना हुई। फ्रांस में अगले साल राष्ट्रपति चुनाव होने वाले हैं। हालिया सर्वे में देखा गया कि कट्टरपंथी नेता मैरीन लिपेन मैक्रों से थोड़ा आगे चल रहे हैं। मैक्रों इसी बढ़त को खत्म करने के लिए देश का दौरा कर रहे हैं।

पिछले साल भी हुआ था अपमान

‘फ्रांस 24’ के मुताबिक, पिछले साल जुलाई में मैक्रों पत्नी ब्रिगेटी के साथ मध्य पेरिस के एक इलाके के दौरे पर गए थे। तब कुछ लोगों ने उन पर गलत कमेंट्स किए थे। मैक्रों 2017 में राष्ट्रपति चुनाव जीते थे। अब तक हमलावर के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।

Related News