नई दिल्ली 30 सितम्बर यूपी किरण। “रघुपति राघव राजा राम , पतित पावन सीता राम” ये पंक्तियां सुनते ही जहन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर उभर आती है। महात्मा गांधी जिन्हें हम प्यार से बापू कहते हैं। महात्मा गांधी का जन्म 2 अक्टूबर को हुआ था इसीलिए प्रत्येक वर्ष 2 अक्टूबर को गांधी जयन्ती मनाई जाती है। आइए बापू के जन्मदिवस के अवसर पर हम संक्षेप में उनके बारे में जानते हैं।
महात्मा गांधी का जन्म एवं माता पिता
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जन्म गुजरात के पोरबंदर में 2 अक्टूबर 1869 को हुआ था | इनके पिता का नाम करमचंद गांधी और माता का नाम पुतलीबाई था | ब्रिटिश हुकूमत में इनके पिता पोरबंदर और राजकोट के दीवान थे। महात्मा गांधी का पूरा नाम मोहनदास करमचंद गांधी था। गांधी जी का सीधा-सरल जीवन इनकी मां से प्रेरित था।
महात्मा गांधी की शिक्षा
गांधी जी की प्रारम्भिक शिक्षा पोरबंदर में हुई थी। पोरबंदर से उन्होंने मिडिल स्कूल तक की शिक्षा प्राप्त की। साल 1887 में राजकोट हाई स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा पास करके आगे की पढ़ाई के लिये भावनगर के सामलदास कॉलेज में प्रवेश प्राप्त किया, लेकिन घर से दूर रहने के कारण वह अपना ध्यान केन्द्रित नहीं कर पाएं और अस्वस्थ होकर पोरबंदर वापस लौट गए। 4 सितम्बर 1888 को इंग्लैण्ड के लिये रवाना हुए। यहां 3 सालों (1888-1891) तक रहकर अपनी बैरिस्टरी की पढ़ाई पूरी की और सन् 1891 में वापस भारत आ गए।
महात्मा गांधी की मृत्यु
30 जनवरी 1948 को नाथूराम गोडसे और उनके सहयोगी गोपालदास ने बिरला हाउस में गांधी जी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। गांधी जी को तीन गोलियां मारी गयी थी, अंतिम समय उनके मुख से ‘हे राम’ शब्द निकले थे | उनकी मृत्यु के बाद नई दिल्ली के राजघाट पर उनका समाधि स्थल बनाया गया है।