जोधपुर॥ राजस्थान कांग्रेस में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच वर्चस्व की लड़ाई जारी है। एक दिन पहले पायलट को उपमुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सचिन और उनके साथी विधायकों पर निशाना साधा है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अच्छा हिंदी-इंग्लिश बोलना, अच्छा बयान देना ही सबकुछ नहीं होता है, आपके दिल में क्या है देश के लिए, आपका कमिटमेंट क्या है। पार्टी की नीति, विचारधारा के प्रति आपके कमिटमेंट को देखा जाता है। सोने की छुरी प्लेट में खाने के लिए नहीं होती है।
मुख्यमंत्री गहलोत ने बुधवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि लोग कहते हैं हम नई पीढ़ी को पसंद नहीं करते हैं। राहुल गांधी, सोनिया गांधी और खुद अशोक गहलोत उन्हें पसंद करता है। कांग्रेस की बैठक में मैं युवाओं और एनएसयूआई के लिए लड़ाई लड़ता हूं। उन्होंने सचिन का नाम लिए बगैर कहा कि इनकी रगड़ाई नहीं हुई थी, इसलिए यह समझ नहीं पा रहे हैं।
बिना रगड़ाई हुए केंद्रीय मंत्री और पीसीसी चीफ बन गए। अगर रगड़ाई हुई होती तो आज और अच्छा काम करते। आज हमसे अच्छा काम ये कर सकते हैं। अगर ये खुद ही हॉर्स ट्रेडिंग को पसंद करेंगे और उसका हिस्सा बनेंगे तो देश को बर्बाद करेंगे।