गुजरात : निकाय चुनावों में भी चला BJP का जादू, AAP ने भी खोला खाता, कांग्रेस का सफाया

img
गांधीनगर/अहमदाबाद। गुजरात के स्थानीय निकाय चुनाव में भी भाजपा आशातीत सफलता की ओर बढ़ रही है। अभी तक के परिणामों से उत्साहित भाजपा कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। कांग्रेस की स्थिति इन चुनाव में अच्छी नहीं दिख रही है। अभी तक के परिणामों में कांग्रेस की स्थिति दयनीय बनी हुई है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने सौराष्ट्र, सूरत, साबरकांठा में  जिला पंचायत, तहसील पंचायत व नगरपालिका के चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया है।
bjp win
मंगलवार को राज्य में स्थानीय निकाय के चुनाव की मतगणना चल रही है। अभी तक मिले रुझानों से संकेत मिल रहा है कि भाजपा को अधिकांश जिला पंचायतों, तहसील पंचायत और नगरपालिकाओं में बहुमत मिल जायेगा। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार भाजपा 31 जिला पंचायतों में आगे चल रही है। इसके अलावा 231 तहसील पंचायतों में से 185 पर भाजपा और 34 पर कांग्रेस आगे चल रही है। इसी तरह 81 नगरपालिकाओं में 71 में भाजपा आगे चल रही है।

आम आदमी पार्टी (आप) ने किया अच्छा प्रदर्शन

सूरत नगर निगम चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने जिला पंचायत, तहसील पंचायत और नगरपालिका के चुनाव में सौराष्ट्र, सूरत, साबरकांठा में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। अभी तक आप  तहसील पंचायत की 18 सीटों और नगरपालिका की 22 सीटों पर आगे चल रही है।  मतगणना में कैबिनेट मंत्री कुंवरजी बावलिया का गढ़ ढहता दिख रहा है। जसदान और विन्छिया तहसील पंचायतों में कांग्रेस आगे चल रही है। जसदण तहसील पंचायत में कांग्रेस ने 10 सीटें जीती हैं जबकि भाजपा ने 6 सीटें जीती हैं।
विंचिया तहेसिल पंचायत में, कांग्रेस ने 14 और भाजपा ने 4 सीटें जीती हैं। विधानसभा में विपक्ष के नेता परेश धनानी के निर्वाचन क्षेत्र अमरेली भी भाजपा की जीत की ओर है। जबकि आणंद, अमरेली, साबरकांठा, जामनगर जिला पंचायतों में भी कांग्रेस हार की कगार पर है। इस प्रकार कांग्रेस के दिग्गज नेता परेश धनानी, प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा, भरतसिंह सोलंकी, अश्विन कोतवाल और विक्रम माडम के गढ़ में कांग्रेस की स्थिति अभी अच्छी नही है।

जश्न मनाने में जुटे भाजपा कार्यकर्ता

नगर निगम चुनाव के बाद अब जिला पंचायत, तहसील पंचायत और नगरपालिका के चुनाव में  भाजपा की जीत की ओर बढ़ते देख कार्यकर्ताओं में उत्साह है। जगह-जगह पर भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ सड़कों पर जश्न मना रहे हैं। भाजपा के प्रदेश कार्यालय ‘कमलम’ में भी जश्न मनाया जा रहा है। इस समारोह में मुख्यमंत्री विजय रूपानी और प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल भी मौजूद हैं। इस मौके पर रूपानी ने कहा कि गुजरात के स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा का एक बार फिर परचम लहराया है। जबकि कांग्रेस के कार्यालयों में कौवे उड़ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि रविवार को राज्य की जिला पंचायतों, तहसील पंचायतों और 81 नगरपालिकाओं और तीन तहसील पंचायतों के लिए मतदान हुआ था। इनकी आज मतगणना हो रही है।
Related News