हैप्पी बर्थडे अनुष्का शर्मा : इस तरह की अपने करियर की शुरुआत, फिर कुछ यूं मिली सफलता

img
अभिनेत्री अनुष्का शर्मा आज अपना 32वां जन्मदिन मना रही हैं। अनुष्का शर्मा का जन्म 1 मई, 1988 को अयोध्या (उत्तर प्रदेश) में एक आर्मी अफसर के घर हुआ। अनुष्का ने अपनी पढ़ाई आर्मी विद्यालय से की और माउन्ट कारमेल कॉलेज, बैंगलोर से कला में डिग्री प्राप्त करने के बाद वह मॉडलिंग में अपनी पहचान बनाने के लिए मुंबई आ गईं।
Anushka Sharma

अनुष्का शर्मा ने बतौर मॉडल की थी करियर की शुरुआत

उन्होंने अपना मॉडलिंग करियर लैक्मे फैशन विक में वेंडेल रोड्रिक्स के लेस वंप्स शो की मॉडल के रूप में किया और रोड्रिक की स्प्रिंग समर कलेक्शन 2007 के लिए मुख्य मॉडल के रूप में चुनी गईं ।इसके बाद अनुष्का कई विज्ञापनों में नजर आने लगी। अनुष्का को शुरुआत में फिल्मों में कोई खास रुचि नहीं थी। लेकिन साल 2008 में आई फिल्म ‘रब ने बना दी जोड़ी’ में जब अनुष्का को मुख्य भूमिका में अभिनय करने का मौका मिला तो वह ना नहीं कह पाई।

यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही

आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रब ने बना दी जोड़ी’ में अनुष्का के साथ शाहरुख खान मुख्य भूमिका में थे। अनुष्का को अपनी पहली फिल्म में दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही और अनुष्का ने अपनी पहली ही फिल्म से इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना ली। इसके बाद साल 2010 में अनुष्का की दो फिल्में रिलीज हुईं ‘बदमाश कंपनी’ और ‘बैंड बाजा बारात’।
इन दोनों ही फिल्मों में अनुष्का के शानदार अभिनय ने उन्हें फिल्म जगत की मशहूर अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया। इसके बाद अनुष्का को कई फिल्मों के ऑफर मिलने लगे। अनुष्का ने अपने 13 साल के फिल्मी करियर में हर तरह की फिल्मों में अभिनय किया और अपनी खास पहचान बनाई। उन्हें बॉलीवुड में अक्षय कुमार, शाहरुख खान, सलमान खान, आमिर खान और कई बड़े अभिनेताओं के साथ काम करने का मौका मिला।

अनुष्का ने कई फिल्मों को प्रोड्यूस भी किया

अनुष्का की प्रमुख फिल्मों में पटियाला हाउस, जब तक है जान, पीके, एनएच 10 , सुल्तान, ऐ दिल है मुश्किल आदि शामिल हैं। अनुष्का आखिरी बार होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ के एक गाने में स्पेशल अपीरियंस में नजर आईं थी। फिल्मों में अभिनय के अलावा अनुष्का ने कई फिल्मों को प्रोड्यूस भी किया, जिसमें एनएच 10 , फिल्लौरी के अलावा वेब सीरीज पाताललोक और बुलबुल भी शामिल हैं। अनुष्का अपनी फिल्मों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं।

कोहली से लम्बे रिलेशनशिप में रहने के बाद शादी

अनुष्का शर्मा ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली से लम्बे रिलेशनशिप में रहने के बाद शादी 11 दिसंबर, 2017 को शादी कर ली। दर्शकों के बीच यह जोड़ी विरुष्का के नाम से मशहूर है। दोनों के चाहने वालों की संख्या लाखों में है। 11 जनवरी, 2021 को अनुष्का ने बेटी वामिका को जन्म दिया और अनुष्का और विराट अपने पहले बच्चे के माता-पिता बने।
अनुष्का शर्मा बॉलीवुड में अब भी सक्रिय हैं और बतौर प्रोड्यूसर जल्द ही वह एक और फिल्म दर्शकों के सामने लेकर आ रही हैं, जिसका नाम ‘किला’ है।
Related News