रांची। झारखंड में एक बेरहम पिता ने अपनी चार साल की मासूम की पीट-पीट कर जान ले ली। उस बच्ची की गलती बस इतनी थी कि उसने पढ़ाई नहीं की थी। इससे नाराज पिता ने बच्ची के हाथ-पैर बांध दिए और करीब एक घंटे तक पीटता रहा इससे बच्ची की जान चली गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने माता-पिता को हिरासत में लिया है। उधर बच्ची के शव को भी बरामद कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि ये मामला परसूडीह के बारीगोड़ा का है। यहां उत्तम मैती अपनी पत्नी अंजना महतो और चार साल की बच्ची के साथ किराए के मकान में रहता था। पुलिस के मुताबिक माता पिता ने पूछताछ में बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई नहीं कर रही थी, इस वजह से उसे बांधकर पीटा गया था जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी माता-पिता की निशानदेही पर पुलिस ने घर से काफी दूरी पर बच्ची का शव बरामद कर लिया है।
पुलिस ने जानकारी दी कि बेटी की हत्या करने के बाद आरोपी अपनी पत्नी संग गायब हो गया था। वह बच्ची के शव को लेकर सदर अस्पताल पहुंचा। हालांकि, पकड़े जाने के डर से वे दोनों शव को लेकर वहां से भाग निकले और ट्रेन पकड़कर गालूडीह चले गए और यहां स्टेशन के पास ही उन्होंने बच्ची के शव को दफना दिया।
घटना का खुलासा पड़ोसियों की मदद से हुआ। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया के बीते 29 जून तक दोनों आरोपी घर पर नहीं थे। इसके बाद चार जुलाई को अचानक उत्तम मैती अपनी पत्नी के साथ मकान पर पहुंचा। इस दौरान उनकी बेटी उनके साथ में नहीं थी। पड़ोसियों के पूछने पर उन लोगों ने बताया कि बेटी की तबीयत खराब थी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस पर पड़ोसियों को शक हुआ तो उन्होंने इसकी खबर पुलिस को दी। पड़ोसियों का कहना है कि घर से गायब होने से पहले उत्तम मैती ने अपनी बेटी को बुरी तरह पीटा था।