हाथरस दुष्कर्म मामला: बसपा सुप्रीमो मायावती ने की, सीबीआई जांच की मांग

img

लखनऊ, 03 अक्टूबर यूपी किरण। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने हाथरस कांड की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने इस मामले में राष्ट्रपति से भी दखल देने की अपील की है।

मायावती ने शनिवार को ट्वीट कर कहा, ‘‘हाथरस जघन्य गैंगरेप कांड को लेकर पूरे देश में जबरदस्त आक्रोश है। इसकी शुरुआती आई जांच रिपोर्ट से जनता संतुष्ट नहीं लगती है। अतः इस मामले की सीबीआई या फिर सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच होनी चाहिए। बीएसपी की यह मांग है।’’

उन्होंने दूसरे ट्वीट में राष्ट्रपति से अपील की है। उसमें लिखा है, ‘‘माननीय राष्ट्रपति यूपी से आते हैं और एक दलित होने के नाते भी इस प्रकरण में खासकर सरकार के अमानवीय रवैये को ध्यान में रखकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए दखल देने की भी पुरजोर अपील है।’’

हाथरस मुद्दे को लेकर बसपा सुप्रीमो ने इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हटाने और प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की थी।

मुख्यमंत्री योगी से आज मिलेंगे केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले
हाथरस मामले को लेकर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री और रिपब्लिकलन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास अठावले आज राजधानी लखनऊ पहुंच रहे हैं। इस मामले में वह प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता करेंगे। उन्होंने शुक्रवार को दिल्ली में हाथरस मामले में अपना बयान दिया था और कहा था कि हाथरस की बिटिया को न्याय मिलना चाहिए।

सपा मुखिया अखिलेश यादव रविवार को जाएंगे हाथरस
इस बीच खबर आ रही है कि प्रदेश की प्रमुख विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव रविवार को हाथरस जाएंगे। सपा सूत्रों के अनुसार अखिलेश यादव अभी लंदन में हैं। कल वह दिल्ली लौट रहे हैं। वह दिल्ली से सीधे हाथरस जाकर पीड़ित परिवार से मिल सकते हैं।

Related News