युवाओं में तेजी से क्यों उड़ रहे हैं बाल, डॉक्टर ने बताई वो वजह जो कोई नहीं जानता
आज के समय में बाल झड़ना केवल बढ़ती उम्र की परेशानी नहीं रह गया है। बड़ी संख्या में युवा भी इस समस्या का सामना कर रहे हैं। लोग अक्सर तनाव, प्रदूषण, हार्मोन में बदलाव या पारिवारिक कारणों को जिम्मेदार मानते हैं। लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि रोजाना के भोजन में प्रोटीन की कमी भी बालों के लगातार झड़ने की एक अहम वजह बन रही है।
भारत में प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थों की कमी नहीं है। इसके बावजूद कई लोग अपनी जरूरत के अनुसार प्रोटीन नहीं ले पाते। इसकी वजह गलत खान-पान, डाइट संबंधी सीमाएं और पोषण के प्रति जागरूकता की कमी मानी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि नए हेयर प्रोडक्ट खरीदने से पहले अपनी डाइट पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी हो सकता है।
बालों के लिए प्रोटीन क्यों है जरूरी
बाल मुख्य रूप से केराटिन नाम के प्रोटीन से बने होते हैं। इसलिए शरीर को पर्याप्त प्रोटीन नहीं मिलता तो उसका असर सबसे पहले बालों की ग्रोथ पर पड़ सकता है। ऐसे समय में शरीर अपनी ऊर्जा और पोषक तत्वों का उपयोग पहले जरूरी अंगों और मांसपेशियों के लिए करता है। इससे बालों के विकास की प्रक्रिया धीमी हो सकती है।
नई दिल्ली के राजौरी गार्डन और वसंत विहार स्थित दादू मेडिकल सेंटर की संस्थापक और मुख्य त्वचा विशेषज्ञ डॉ. निवेदिता दादू बताती हैं कि बाल शरीर के लिए जरूरी अंगों की श्रेणी में नहीं आते। ऐसे में जब प्रोटीन कम मिलता है तो शरीर पहले महत्वपूर्ण अंगों की जरूरत पूरी करता है। इसका सीधा असर हेयर फॉलिकल्स पर दिखाई देता है।
उनका कहना है कि कई मरीजों को यह जानकर हैरानी होती है कि लंबे समय से बाल झड़ने की वजह महंगे हेयर प्रोडक्ट नहीं बल्कि उनकी रोजाना की डाइट होती है।
किन संकेतों से समझें कि शरीर में प्रोटीन कम है
प्रोटीन की कमी हमेशा अचानक नजर नहीं आती। इसके लक्षण धीरे-धीरे सामने आते हैं और लोग अक्सर इन्हें सामान्य हेयर फॉल समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।
इन संकेतों पर ध्यान देना जरूरी है।
- बालों की चमक कम होना
- बाल पहले की तुलना में पतले होना
- बालों का ज्यादा टूटना
- बाल धोते या कंघी करते समय जरूरत से ज्यादा बाल गिरना
- नाखून कमजोर होना
- त्वचा का बेजान दिखना
यदि लंबे समय तक ये बदलाव बने रहें तो डॉक्टर से सलाह लेने के साथ अपनी डाइट की भी जांच करनी चाहिए।
युवाओं की खान-पान की आदतें बन रही हैं चिंता
दादू मेडिकल सेंटर की एस्थेटिक फिजिशियन, ट्राइकोलॉजिस्ट और जीएलपी कोच डॉ. नंदिनी दादू का कहना है कि आज के युवाओं की खान-पान की आदतें भी इस समस्या को बढ़ा रही हैं।
उनके अनुसार कई लोग समय पर खाना नहीं खाते। कुछ लोग केवल पैकेट वाले स्नैक्स पर निर्भर रहते हैं जबकि कई लोग ऐसी डाइट लेते हैं जिसमें कैलोरी तो अधिक होती है लेकिन प्रोटीन बहुत कम होता है। कई बार हेल्दी खाना खाने वाले लोग भी अपनी रोजाना की प्रोटीन जरूरत पूरी नहीं कर पाते। बालों को लगातार अमीनो एसिड की जरूरत होती है। यदि यह पर्याप्त मात्रा में नहीं मिलते तो समय के साथ बाल झड़ने लगते हैं।
क्या केवल सप्लीमेंट लेना काफी है
डॉ. नंदिनी दादू का मानना है कि सिर्फ सप्लीमेंट्स पर भरोसा करना सही तरीका नहीं है। उनका कहना है कि संतुलित भोजन सबसे ज्यादा जरूरी है। दाल, दूध, अंडे, मछली, कम वसा वाला मांस, सोया और मेवे जैसे खाद्य पदार्थ शरीर को जरूरी प्रोटीन देते हैं। लंबे समय तक अच्छी डाइट अपनाने से बेहतर परिणाम मिल सकते हैं जबकि तात्कालिक उपाय ज्यादा असरदार साबित नहीं होते।