यहां कांग्रेस ने विधेयकों की जलाई होली, ज्ञापन देकर प्रदर्शन भी किया

img
अजमेर, 21 सितम्बर यूपी किरण। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी निवर्तमान अध्यक्ष विजय जैन के नेतृत्‍व में आज शहर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। निवर्तमान शहर कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता अंकुर त्यागी ने बताया अजमेर जिले में धारा 144 होने के कारण शहर कांग्रेस कमेटी के 5 सदस्य प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल कलराज मिश्र के नाम ज्ञापन जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित को सौंपा और तीनों किसान विरोधी कानूनों की होली जलाई गई।
इधर भाजपा के वरिष्ठ नेता व विधायक वासुदेव देवनानी ने कृषि विधेयकों को लेकर कांग्रेस द्वारा किये गये विरोध प्रदर्शन को किसानों को भ्रमित करने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि दशकों तक देश में शासन करने वाली कांगे्रस ने कभी किसानों के हित के बारे में नहीं सोचा व उनका शोषण करते रहे। हर बार चुनावों में वोट के खातिर उनसे झूठे वादे करते रहे।
कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में भी ये वादे शामिल कर किसानों से वोट हासिल किये परन्तु आज जब मोदी जी द्वारा किसानों के हित में उन्हें लागू किया गया तो उनका विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों द्वारा विधेयकों को लेकर जो भ्रम फैलाये जा रहे वो बिल्कुल असत्य व निराधार है। किसानों की जमीन पर कोई कब्जा नहीं कर सकेगा व उनकी भूमि परी तरह सुरक्षित ही रहेगी। पहले की तरह न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद भी जारी रहेगी तथा किसानों के हित पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे।

 

Related News