पर्व ही नहीं, संस्कृति भी है होली

img

धर्म व पर्व प्रधान भारत में होली अनूठा एवं अलौकिक लोक पर्व है, संस्कृति का पर्व है। यह बंधनमुक्ति का पर्व है। इसमें हम समाज को सर्वोच्च मनाने की घोषणा करते हैं। यह विशुद्ध आनंद व मनोरंजन का सांस्कृतिक पर्व है। रंगों का पर्व होली हर्षोल्लास, उमंग, उत्साह, एकता, प्रेम और मेल-मिलाप का अनुपम उपहार लेकर आता है। प्रकृति के पोर-पोर में रंग, अबीर, गुलाल की मस्ती उड़ती दिखाई देती है। पूरा फाल्गुन मास होली के रंगों से सराबोर रहता है। बसंत पंचमी से ही लोग होली की प्रतीक्षा करने लगते हैं।

होली का पर्व वसंत पंचमी से ही आरंभ हो जाता है। उसी दिन पहली बार गुलाल उड़ाया जाता है। इस दिन से फाग और धमार प्रारंभ हो जाता है। बाग-बगीचों में आकर्षक छटा छा जाती है। मनुष्य ही नहीं पेड़-पौधे, पशु-पक्षी सब उल्लास से परिपूर्ण हो जाते हैं। खेतों में गेहूँ की बालियाँ इठलाने लगती हैं। बच्चे-बूढ़े सभी संकोच त्यागकर ढोलक-झाँझ-मंजीरों की धुन के साथ नृत्य-गीत एवं संगीत व रंगों में डूब जाते हैं। सम्पूर्ण सृष्टि में उन्मादी माधुर्य छा जाता है।

बृजभूमि ने आज भी होली की प्राचीन सांस्कृतिक परम्पराओं को संजोये रखा है। यह परम्परा इतनी जीवन्त है कि इसके आकर्षण में देश-विदेश के लाखों पर्यटक ब्रज-वृन्दावन की दिव्य होली के दर्शन करने और उसके रंगों में भीगने का आनन्द लेने प्रतिवर्ष यहां आते हैं। बृज की लठ्ठमार होली स्वयं अपने आप में आकर्षण है। यही तो होली पर्व की उन्मुक्तता का चरम है।

होली हमारे देश का एक विशिष्ट सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पर्व है। होली मानव का परमात्मा से एवं स्वयं से स्वयं के साक्षात्कार का पर्व है। असल में होली बुराइयों के विरुद्ध एक प्रयत्न है, इसी से जिंदगी जीने का नया अंदाज मिलता है, औरों के दुख-दर्द को बाँटा जाता है, बिखरती मानवीय संवेदनाओं को जोड़ा जाता है। आनंद और उल्लास के इस मुखर पर्व पर होरियारों की हुंकार से रंजिश की गांठें खुलती और दूरियां सिमटती हैं। राग और रंग तो होली के प्रमुख अंग हैं। प्रकृति भी इस समय रंग-बिरंगे यौवन के साथ अपनी चरम अवस्था पर होती है।

होली के पर्व में भारत का सांस्कृतिक मानस छुपा है। यह ऐसा पर्व है जो आपको किसी के अशालीन होना भी आपको गुस्सा नहीं आनन्द देता है। मनुष्य का जीवन कष्टों और विपदाओं से भरा हुआ है। आशा और निराशा के क्षणों में उसका मन व्याकुल रहता है। ऐसे ही क्षणों में होली जैसे पर्व उसके जीवन में आशा का संचार करते हैं।

Related News