वाशिंगटन डीसी में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अपमान, अमेरिका ने मांगी माफ़ी

img

नई दिल्ली। अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास के सामने महात्मा गांधी की प्रतिमा का अपमान हुआ है। इस घटना पर अभी तक भारत सरकार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। इससे भारत और अमेरिका में रह रहे भारतीयों में नाराजगी है। हालांकि इस पर भारत में अमेरिका के राजदूत केन जस्टर ने ट्वीट कर कर खेद जताया है।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका में इन दिनों नस्लभेद के खिलाफ प्रदर्शन चल रहे हैं। गुरुवार को प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास ने प्रशासन से संपर्क किया। जानकारी के अनुसार महात्मा गांधी की प्रतिमा पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री बनने के बाद जब नरेंद्र मोदी वॉशिंगटन गए थे तो उन्होंने यहीं पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी थी।

इसके बाद अमेरिका ने भारत से माफ़ी मांगी है। भारत में अमेरिका के राजदूत केन जस्टर ने ट्विटर पर लिखा, ‘वाशिंगटन डीसी में गांधी प्रतिमा की बदहाली को देखकर दुख हुआ। कृपया हमारी ईमानदार माफी को स्वीकार करें।’

मालूम हो कि पिछली शताब्दी में महात्मा गांधी ने दक्षिण अफ़्रीका में नस्लभेद के खिलाफ निर्णायक सत्याग्रह किया था। दक्षिण अफ़्रीका में आज भी गांधी जी को विशेष सम्मान दिया जाता है।

Related News