IAF Agniveer Exam 2022: अग्निवीर वायु भर्ती परीक्षा की तारीख भारतीय वायुसेना ने की जारी, जानें एडमिट कार्ड पाने का तरीका

img

IAF Agniveer Exam 2022: अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी कड़ी में, भारतीय वायु सेना ने इस योजना के तहत भर्ती के लिए परीक्षा तिथियों और शहर की घोषणा की है। अगर आपने इस भर्ती के लिए आवेदन किया है तो आप यह जानकारी वेबसाइट agnipathvayu.cdac.in पर जाकर देख सकते हैं। हालांकि, वायु सेना ने अपने नोटिस में स्पष्ट किया है कि, अग्निवीरवायु भर्ती के लिए आवेदन करने वाले परीक्षा तिथि से 24-48 घंटे पहले अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

3500 पदों पर भर्ती है

वायु सेना ने अग्निपथ योजना के तहत 3500 पदों पर भर्ती की थी। इसके लिए 7,49,899 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। चूंकि वायु सेना यह भर्ती अग्निपथ योजना के तहत कर रही है, इसलिए उसने इस पद का नाम अग्निवीरवायु रखा। योजना के तहत यह भर्ती 4 साल के लिए होगी। 4 वर्ष बाद केवल 25 प्रतिशत सैनिकों को ही स्थायी सैनिक के रूप में रखा जाएगा, जबकि शेष 75 प्रतिशत सैनिकों की सेवा समाप्त कर दी जाएगी। परीक्षा के तहत ऑनलाइन परीक्षा में वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे।

यह होगी चयन प्रक्रिया

सबसे पहले उम्मीदवारों को ऑनलाइन टेस्ट देना होगा। यह टेस्ट दो चरणों में होगा।

ऑनलाइन टेस्ट पास करने वालों को फिजिकल फिटनेस टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। इसमें उम्मीदवारों को 1.6 किलोमीटर की दौड़ 6.5 मिनट में पूरी करनी होगी. इसके बाद उन्हें 10 पुशअप्स, 10 सिट अप्स, 20 स्क्वैट्स भी करने होंगे।

इसके बाद उनका मेडिकल टेस्ट होगा।

सभी परीक्षणों के पूरा होने के बाद चयन सूची 1 दिसंबर, 2022 को जारी की जाएगी।

यह होगा परीक्षा पैटर्न

(ए) विज्ञान विषय के लिए ऑनलाइन परीक्षा में 60 मिनट का समय दिया जाएगा। इसमें अंग्रेजी, भौतिकी और गणित शामिल होंगे। प्रश्न 12वीं सीबीएसई पाठ्यक्रम पर आधारित होंगे।
(बी) विज्ञान विषय के अलावा अन्य विषयों में ऑनलाइन परीक्षा के लिए 45 मिनट का समय दिया जाएगा। इसमें भी 12वीं कक्षा तक के सिलेबस पर आधारित प्रश्न होंगे। इसके अलावा रीजनिंग और जनरल अवेयरनेस से भी सवाल पूछे जाएंगे।
(सी) विज्ञान विषयों और विज्ञान विषयों के अलावा अन्य ऑनलाइन परीक्षा के लिए कुल समय 85 मिनट होगा और इसमें अंग्रेजी, भौतिकी और गणित (10 + 2 सीबीएसई पाठ्यक्रम), तर्क और सामान्य जागरूकता के प्रश्न शामिल होंगे।

इस तरह होगी मार्किंग

अगर आप इसकी परीक्षा में बैठने वाले हैं तो आपको इसके परीक्षा पैटर्न के बारे में भी पता होना चाहिए। इसमें आपको प्रत्येक सही उत्तर के लिए 1 अंक मिलेगा, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.25 अंक काटे जाएंगे। अगर आपने कोई प्रश्न छोड़ा है तो उस पर कोई माइनस मार्किंग नहीं होगी। उसके लिए आपको सिर्फ जीरो नंबर मिलेंगे।

Related News