प्रेमिका को लेकर हुए विवाद में एक ने दूसरे प्रेमी और उसकी मां को चाकुओं से गोदा

img

बाहरी दिल्ली के निहाल विहार इलाके में प्रेमिका को लेकर हुए विवाद में एक प्रेमी ने दूसरे प्रेमी और उसकी मां को चाकू घोंपकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपितों ने सिर, कमर एवं पेट में चाकू मारे। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। घायलों की पहचान गुरचरण सिंह और उसकी मां सुखविंदर के रूप में हुई है। पुलिस घायलों की शिकायत पर केस दर्जकर आरोपितों की तलाश कर रही है।

murder

गुरचरण सिंह परिवार के साथ निहाल विहार, फेज-2 में रहता है। वह डस्ट-रोडी का काम करता है। गुरचरण सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह एक महिला के साथ पांच साल से रिलेशन में था। कुछ दिन पहले उसकी प्रेमिका की राजू दांते नामक युवक से नजदीकी हो गई। इस बात को लेकर उनकी कई बार कहासुनी भी हुई।

मंगलवार रात करीब 10 बजे वह शराब पीकर घर पर लेटकर टीवी देख रहा था। उसकी मां भी लेटी हुई थी। तभी उसी समय प्रेमिका एवं उसकी बेटी, राजू और अमित घर पर आए। आते ही प्रेमिका ने चिल्लाते हुए कहा कि तेरे दुश्मन आ गए हैं। इतने में राजू और अमित ने पीटना शुरू कर दिया। मां को प्रेमिका एवं उसकी बेटी ने पकड़ लिया।

इसके बाद राजू ने चाकू निकाला और सिर, कमर व पेट में चाकू से कई वारकर घायल कर दिया। खून से लथपथ हालत में देखकर मां चिल्लाई तो राजू ने मां की कमर में चाकू घोंप दिए। इसके बाद राजू ने धमकी दी कि लड़की से दूर रहना नहीं तो अंजाम बुरा होगा। इसके बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।

शोर शराबा सुनकर मौके पर पड़ोसी आ गए। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने खून से लथपथ हालत में मां-बेटा को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों की हालत गंभीर बताई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related News