दूध लेकर लौट रही 7 साल की मासूम को कुदाल से काटा, भड़की भीड़ ने आरोपी का घर फूंका

दूध लेकर लौट रही 7 साल की मासूम को कुदाल से काटा, भड़की भीड़ ने आरोपी का घर फूंका

बिहार के सुपौल जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के परसरमा वार्ड-8 में एक सात वर्षीय बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया और लोगों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर में आग लगा दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।

दूध लेकर घर लौट रही थी बच्ची

जानकारी के अनुसार, गांव के रहने वाले शंभू साह देर रात अपनी सात वर्षीय बेटी प्रीति कुमारी के साथ दूध लेकर घर लौट रहे थे। बताया गया कि शंभू साह आगे चल रहे थे जबकि उनकी बेटी हाथ में दूध की बोतल लेकर पीछे आ रही थी।

इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने बच्ची पर कुदाल से हमला कर दिया। हमले में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई।

आरोपी के घर पहुंची गुस्साई भीड़

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस वारदात को पड़ोस में रहने वाले राजू साह नामक युवक ने अंजाम दिया है।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी अपने घर में छिप गया था। इसके बाद गुस्साए लोग उसके घर पहुंच गए और वहां आग लगा दी। हालात बिगड़ने की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत सक्रिय हुई।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

सदर एसडीपीओ राजीव रंजन सहित कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आरोपी युवक को भीड़ से निकालकर हिरासत में लिया।

प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Latest Posts