इंसान मौन, जानवर ने खोला राज! पति ने पत्नी को मारकर कमरे में दफनाया, बकरियों ने ऐसे दिलाई सजा
बिहार के लखीसराय जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। एक महिला की हत्या का खुलासा किसी इंसान ने नहीं बल्कि उसकी पालतू बकरियों की लगातार आवाजों ने कराया। आरोप है कि पति ने पत्नी की हत्या करने के बाद शव को घर के अंदर मवेशियों वाले कमरे की जमीन में छिपा दिया था।
बकरियां कई घंटों तक भूखी-प्यासी होकर शोर करती रहीं। उनकी बेचैनी देखकर ग्रामीणों को शक हुआ और धीरे-धीरे हत्या की पूरी कहानी सामने आ गई।
सुबह से गायब थी महिला, पति ने बताया मायके जाने की बात
यह घटना लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव की है। यहां रहने वाली 45 वर्षीय सहोदरी देवी बुधवार सुबह से दिखाई नहीं दे रही थीं। गांव के लोगों के लिए यह बात चिंता की वजह बन गई क्योंकि वह मिलनसार स्वभाव की थीं और अक्सर आसपास के लोगों से बातचीत करती रहती थीं।
जब ग्रामीणों ने उनके पति नागेश्वर बिंद उर्फ नागो बिंद से सहोदरी के बारे में पूछा तो उसने कहा कि वह अपने मायके गई हैं और जल्द लौट आएंगी। लेकिन गांव वालों को उसकी बात पर भरोसा नहीं हुआ क्योंकि महिला ने किसी को भी मायके जाने की जानकारी नहीं दी थी।
बकरियों की बेचैनी ने बढ़ाया ग्रामीणों का शक
सहोदरी देवी रोज अपनी बकरियों और मवेशियों को समय पर खाना और पानी देती थीं। लेकिन बुधवार को उनके जानवर लगातार आवाज कर रहे थे। कई घंटे तक उनकी मिमियाहट सुनकर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई।
शाम के समय कुछ ग्रामीण दोबारा नागेश्वर के घर पहुंचे। इस दौरान आरोपी घबरा गया और घर बंद करके वहां से जाने की कोशिश करने लगा। ग्रामीणों ने उसे रोककर सहोदरी या उनके मायके वालों से बात कराने को कहा, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ।
इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस को सूचना दी।
पूछताछ में टूटा आरोपी, घर के कमरे से मिला शव
सूचना मिलने के बाद सूर्यगढ़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार शुरुआत में नागेश्वर ने मामले को छिपाने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।
लखीसराय की पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के अनुसार आरोपी ने बताया कि उसने पत्नी की हत्या कर शव को घर के अंदर मवेशियों वाले कमरे की कच्ची जमीन में दफना दिया था। पुलिस ने जब कमरे की खुदाई कराई तो शव बरामद हुआ। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।