अदरक की चाय के शौकीन हो जाएं सावधान! स्वाद के चक्कर में कहीं शरीर को न पहुंचा दें नुकसान, जानें सही मात्रा
भारत में सुबह की शुरुआत बिना चाय के अधूरी मानी जाती है. बारिश का मौसम हो या कड़कड़ाती ठंड, एक कप गरमा-गरम अदरक वाली चाय हर किसी का मूड फ्रेश कर देती है. कई लोग तो अदरक को सेहत के लिए इतना अच्छा मानते हैं कि चाय में कूट-कूटकर अदरक डालते हैं और दिनभर में कई कप चाय गटक जाते हैं.
अगर आप भी ऐसा ही कर रहे हैं, तो रुक जाइए! हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, जरूरत से ज्यादा अदरक का सेवन आपको रिफ्रेश करने के बजाय सीधे अस्पताल पहुंचा सकता है. आइए जानते हैं कि एक दिन में कितना अदरक खाना सुरक्षित है और किन लोगों को इससे पूरी तरह दूरी बना लेनी चाहिए.
दिनभर में 4 ग्राम से ज्यादा अदरक है खतरनाक: क्या कहती है रिपोर्ट?
ग्लोबल हेल्थ जर्नल हेल्थलाइन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक स्वस्थ व्यक्ति को पूरे दिन में 4 ग्राम से अधिक अदरक का सेवन किसी भी रूप में नहीं करना चाहिए. हालांकि, सिर्फ एक या दो कप चाय से यह लिमिट पार नहीं होती, लेकिन अगर आप दिनभर में कई बार अदरक की चाय पीते हैं, साथ में अदरक का काढ़ा, सूप या सब्जी में भी इसका हैवी इस्तेमाल करते हैं, तो यह मात्रा आसानी से पार हो जाती है जो शरीर के लिए नुकसानदेह है.
सीने में जलन और एसिडिटी की मुख्य वजह
ज्यादा अदरक वाली चाय पीने के बाद कई लोगों को पेट में हल्की खुजली, भयंकर एसिडिटी या सीने में जलन (Heartburn) महसूस होने लगती है. लोग अक्सर इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं या फिर अदरक की एलर्जी मान लेते हैं. दरअसल, यह अदरक की अत्यधिक गर्म तासीर और तीखेपन के कारण होने वाली अंदरूनी जलन होती है. अगर आपको चाय पीने के बाद मुंह में छाले, शरीर पर दाने या पेट में मरोड़ उठे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
इन 3 गंभीर समस्याओं वाले लोग आज ही छोड़ें अदरक की चाय
अदरक कुछ खास मेडिकल कंडीशन वाले लोगों के लिए बेहद नुकसानदेह साबित हो सकता है. अगर आप नीचे दी गई किसी भी समस्या से जूझ रहे हैं, तो बिना डॉक्टर की सलाह के अदरक की चाय न पिएं:
-
लो ब्लड प्रेशर (Low BP): अदरक में ऐसे प्राकृतिक गुण होते हैं जो ब्लड प्रेशर को कम करते हैं. ऐसे में जिन्हें पहले से लो बीपी की शिकायत है या जो बीपी की दवाएं खा रहे हैं, उनका ब्लड प्रेशर अचानक बहुत ज्यादा गिर सकता है.
-
खून पतला करने की दवाइयां: अदरक में मौजूद प्राकृतिक यौगिक खून को पतला (Blood Thinning) करने का काम करते हैं. अगर आपको ब्लीडिंग डिसऑर्डर है या आप डॉक्टर के कहने पर एस्पिरिन जैसी खून पतला करने वाली दवाएं ले रहे हैं, तो अदरक का अधिक सेवन आंतरिक रक्तस्राव का खतरा बढ़ा सकता है.
-
गॉलब्लेडर (पित्ताशय) की समस्या: जिन लोगों को पित्त की थैली में पथरी या कोई अन्य समस्या है, उन्हें अत्यधिक अदरक से परहेज करना चाहिए, क्योंकि यह पित्त (Bile) के स्राव को बढ़ा देता है.
कड़वा है मगर फायदेमंद भी है अदरक, बस मात्रा का रखें ध्यान
इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि अदरक की चाय सिर्फ नुकसान ही पहुंचाती है. अगर सीमित और सही मात्रा में इसका सेवन किया जाए, तो यह शरीर के लिए किसी वरदान से कम नहीं है.
अदरक के मुख्य फायदे: मेडिकल रिसर्च के अनुसार, अदरक में 'जिंजरोल' (Gingerol) नामक एक एक्टिव कंपाउंड पाया जाता है, जो एंटी-इंफ्लेमेटरी होता है और शरीर की अंदरूनी सूजन को खत्म करता है. यह अपच, पेट खराब, उल्टी और जी मिचलाने (Nausea) की समस्या में तुरंत राहत देता है. यहाँ तक कि सर्जरी या कीमोथेरेपी के बाद होने वाली कमजोरी और मतली में भी डॉक्टर सीमित मात्रा में अदरक के सेवन की सलाह देते हैं.